सेंसेक्स 38000 अंक के पार, निफ्टी में 80 अंक की बढ़त

सेंसेक्स 38000 अंक के पार, निफ्टी में 80 अंक की बढ़त

मुंबई

सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को टेक महिंद्रा की मजबूत शुरुआत हुई. शुरुआती कारोबार में टेक महिंद्रा के शेयर 4 फीसदी से अधिक बढ़त के साथ कारोबार करते देखे गए. बीएसई इंडेक्स पर कंपनी टॉप गेनर की भूमिका में रही.

टेक महिंद्रा को मुनाफा

टेक महिंद्रा को जून, 2020 को समाप्त तिमाही में 1.4 प्रतिशत बढ़कर 972.3 करोड़ रुपये मुनाफा हुआ है. टेक महिंद्रा ने बताया कि पूर्व वित्त वर्ष 2018-19 की इसी तिमाही में कंपनी को 959.3 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था. कंपनी की एकीकृत आय चालू वित्त वर्ष अप्रैल-जून तिमाही में 5.2 प्रतिशत बढ़कर 9,106 करोड़ रुपये रही जो पिछले साल की इसी अवधि में 8,653 करोड़ रुपये थी. टेक महिंद्रा का प्रति शेयर लाभ (ईपीएस) 30 जून, 2020 को समाप्त तिमाही में 11.07 रुपये रहा. कंपनी के कर्मचारियों की संख्या इस तिमाही के अंत में 1,23,416 रही जो इससे पिछली तिमाही आधार पर 1,820 कम है.

अगर भारतीय शेयर बाजार की बात करें तो मंगलवार को मजबूत शुरुआत हुई. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 200 अंक से ज्यादा मजबूत होकर 38 हजार 100 अंक के स्तर को पार कर लिया. इसी तरह, निफ्टी की बात करें तो करीब 80 अंक की बढ़त के साथ 11 हजार 200 अंक के स्तर पर रहा. इस दौरान बैंकिंग सेक्टर के शेयर में मजबूती दर्ज की गई.