अवैध संबंध के शक में पत्नी को चाकू मारकर जान लेने की कोशिश

अवैध संबंध के शक में पत्नी को चाकू मारकर जान लेने की कोशिश

 
सूरत   
     
गुजरात के सूरत में एक शख्स ने चाकू से अपनी पत्नी का गला काटने की कोशिश की. इस दौरान वो महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया. जहां उसका उपचार चल रहा है. आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा है. हैरानी की बात है कि आरोपी पति ने 8 दिन पहले भी अपनी पत्नी के पेट में चाकू मार दिया था.

ये सनसनीखेज वारदात सूरत के पांडेसरा इलाके की है. जहां अरविंद पटेल अपने परिवार के साथ रहता है. मंगलवार को वो नशे में धुत था. देर रात वह अपने घर पहुंचा. उसकी पत्नी टीना कमरे में सो रही थी. अरविंद पटेल ने चाकू निकाला और टीना का गला काटने के लिए उस पर वार कर दिया. चाकू से गले पर घाव हो गया. टीना की चिल्लाने की आवाज़ सुनकर परिवार के लोग जाग गए. आरोपी वहां से फरार हो गया. फौरन टीम को परिजन अस्पताल ले गए. जहां डॉक्टरों ने बामुश्किल उसकी जान बचाई. पुलिस को सूचना दी गई. तो पता चला कि टीना के पति अरविंद ने 8 दिन पहले भी उसके पेट में चाकू मार दिया था. पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.

इस दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी अरविंद अपनी पत्नी टीना पर शक करता था. उसे लगता है कि टीना के किसी अन्य महिला के साथ संबंध है. वो टीना के चरित्र पर उंगली उठाता था. इसी के चलते ही उसने 8 दिन पहले भी टीना पर जानलेवा हमला किया था. पुलिस के मुताबिक अरविंद और टीना की शादी 7 साल पहले हुई थी. उनके दो बच्चे हैं. इनका परिवार पांडेसरा की आशापुरी सोसायटी में रहता है.