गुजरात पंचायत चुनाव में बड़ी जीत की तरफ भाजपा

गुजरात पंचायत चुनाव में बड़ी जीत की तरफ भाजपा

गांधीनगर
गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव की मतगणना जारी है। प्रदेश के 27 जिलों में 81 नगरपालिकाओं, 31 जिला पंचायतों और 231 तालुका पंचायतों के लिए बीते रविवार को वोट डाले गए थे, जिनके चुनाव नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। मतगणना को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और कोरोना वायरस प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। हाल ही में 6 नगर निगमों के लिए हुए चुनाव में कई जगहों पर भाजपा और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसके बाद इन चुनाव नतीजों पर सभी की निगाहें टिकी हैं। पढ़िए, गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव का लाइव अपडेट।

भारतीय ट्राइबल पार्टी (BTP) प्रमुख छोटू वसावा के बेटे दिलीप वसावा पद्मबेन वासवा से करीब 2000 वोटों से चुनाव हार गए हैं। देवभूमि द्वारका जिला पंचायत सीट पर कांग्रेस विधायक विक्रम मैडम के बेटे चुनाव हार गए हैं।  कांग्रेस विधायक अश्विन कोतवाल के बेटे यश कोतवाल विजयनगर तालुका पंचायत की चितरिया सीट से हार गए हैं। यश पहले इस तालुका पंचायत के अध्यक्ष थे। गुजरात कांग्रेस के मौजूदा विधायक निरंजन पटेल को पेटलाद नगरपालिका की दो सीटों (वार्ड नंबर 3 और 5) में भाजपा उम्मीदवारों से हार मिली है।  गुजरात के अमरेली के धारी में भाडेल सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को सिर्फ दो वोट से जीत मिली है।