दीवाली के मौके पर पांच क्विंटल मावा और मिठाई लावारिस हालत में जब्त

दीवाली के मौके पर पांच क्विंटल मावा और मिठाई लावारिस हालत में जब्त

गुना
दीवाली के मौके पर मिलावटी मावा और उसकी बनी मिठाइयों की खपत न हो, इसलिए खाद्य एवं औषधि विभाग की सर्चिंग और सेम्पलिंग की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार-शनिवार की रात पुराने बसस्टैंड से विभाग ने पांच क्विंटल मावा और मिठाइयों के कार्टन जब्त किए हैं।

दो बजे पुराने बसस्टैंड पर दबिश दी
खाद्य एवं औषधि अधिकारी नवीन जैन ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि ऐसी सूचना मिली थी कि ग्वालियर तरफ से आने वाली बस से मावा आ रहा है। उन्‍होंने बताया कि इसी क्रम में रात दो बजे पुराने बसस्टैंड पर दबिश दी। इस दौरान बस के बाहर 11 कार्टन मिले, जिनमें 3 बोरी में मावा, 4 में मिल्क केक और 4 में बर्फी भरी थी। इस तरह कुल पांच क्विंटल मावा और मिठाई जब्त की गई। जानकारी के अनुसार इस कार्रवाई के दौरान खाद्य एवं औषधि निरीक्षक मनोज रघुवंशी और किरण सेंगर भी मौजूद रहीं।

पुरानी गल्ला मंडी से बर्फी जब्त
जानकारी के अनुसार इससे पहले विभाग की टीम ने पुरानी गल्ला मंडी से मावा का कारोबार करने वाले व्यक्ति की मिठाई दुकान से मावा की बर्फी का सेंपल लिया है। इसके साथ ही लगभग 90 किलो बर्फी भी जब्त की गई है। इसके अलावा राजू स्वीट्स व राजू मिष्ठान भंडार के साथ रुठियाई व कुंभराज आदि क्षेत्रों में भी सेम्पलिंग की कार्रवाई की गई।

वारिस न मिला तो करेंगे नष्ट
इधर, खाद्य एवं औषधि निरीक्षक मनोज रघुवंशी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पुराने बसस्टैंड से मिले मावा और मिठाई के किसी कार्टन पर राकेश इंदौर, तो एक पर एनपी गुना लिखा है, जिससे वारिश तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। यदि जब्त सामग्री का वारिश नहीं मिलेगा, तो नष्ट कराने की कार्रवाई की जाएगी। दीवाली के दिन भी विभाग ने कई दुकानों पर सेंपिलंग की कार्रवाई की है।