दो दर्जन IPS अफसरों की तबादला सूची तैयार, आज हो सकती है जारी

दो दर्जन IPS अफसरों की तबादला सूची तैयार, आज हो सकती है जारी

भोपाल
 राज्य सरकार ने आचार संहिता हटते ही डेढ़ दर्जन के करीब भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकाकरियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। जिसमें आधा दर्जन जिलों कलेक्टर भी बदले हैं। भारतीय पुलिस सेवा के अफसरों की सूची भी लगभग तैयार है। मुख्यमंत्री से हरी झंडी मिलते ही संभवत: आज शाम तक दो दर्जन के करीब अफसरों की सूची जारी हो सकती है। जिसमें एक दर्जन जिलों के पुलिस अधीक्षक एवं रेंज आईजी प्रभावित हो सकते हैं।

पुलिस मुख्यालय में भी एक दर्जन अफसरों के दायित्व बदले जाएंगे। सूत्रों ने बताया कि पुलिस अफसरों की सूची तैयार है। जिस पर मुख्यमंत्री के साथ आज मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक की चर्चा होना है। बताया गया कि मंत्रियों एवं विधायकों की पसंद को भी ध्यान रखा जा रहा है, ऐसे में पुलिस अफसरों की सूची में कुछ नाम जोड़े जा सकते है। पुलिस अधीक्षकों की सूची में उन अफसरों के नाम शामिल हो सकते हैं, जिन्हें चुनाव के दौरान हटाया गया था।


दो जिले और एक संभाग खाली

हाल ही में किए गए तबादला आदेश में पन्ना, मंदसौर जिले में अभी कलेक्टर की पदस्थापना नहीं हुई है। साथ ही सागर संभागायुक्त की भी पदस्थापना होना है। मंत्रालयीन सूत्रों ने बताया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में पदस्थ अफसरों को वापस बुलाया जा सकता है। जिनमें से कुछ अफसरों को फील्ड में पदस्थ किया जा सकता है।