नकली घी की फैक्ट्री चला रहा डॉक्टर रासुका में गिरफ़्तार
उज्जैन
मध्य प्रदेश में मिलावट खोरी के खिलाफ बड़ा और सख़्त कदम उठाया है. नकली घी बनाने के आरोप में उज्जैन के एक फैक्ट्री संचालक डॉ. कीर्ति केलकर को रासुका में गिरफ़्तार किया गया है. आरोपी को इंदौर जेल भेज दिया गया है. डॉक्टर केलकर पेशे से डॉक्टर है और उज्जैन में क्लीनिक चलाता है.
उज्जैन में श्री कृष्णा गृह उद्योग के नाम से फैक्ट्री चलायी जा रही थी. मंगलवार को प्रशासन ने इस फैक्ट्री पर छापा मारकर 800 किलो नकली घी और घी बनाने का सामान बरामद किया था. घी बनाने के लिए सोया तेल, वनस्पति घी और एसेंस (सुगंध) का इस्तेमाल किया जा रहा था.
डॉ केलकर की इस फैक्ट्री में तैयार नकली घी आस-पास के ग्रामीण इलाकों और खासतौर से शादी ब्याह में सप्लाई किया जाता था. फैक्ट्री मालिक डॉ कीर्ति केलकर का उज्जैन में क्लीनिक भी है. घी के गोरख़धंधे में उनका बेटा भी शामिल था. मिलावट के इस खेल में खाद्य विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से इंकार नहीं किया जा सकता.
bhavtarini.com@gmail.com 