नार्थ-वेस्ट इंडिया में भारी बारिश का अलर्ट, ओलावृष्टि की भी आशंका

नार्थ-वेस्ट इंडिया में भारी बारिश का अलर्ट, ओलावृष्टि की भी आशंका

नई दिल्ली
होली के त्योहार के पहले पूरे देश में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। कहीं धूप तो कभी बारिश ने लोगों को तंग कर रखा है तो वहीं स्काईमेटवेदर के मुताबिक भारत में अगले 24 घंटों में मौसम का बड़ा उलटफेर देखने को मिलेगा और इस वजह से कई राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। वेबसाइट के मुताबिक अफगानिस्तान की ओर से आ रहे एक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कड़क बिजली के साथ बादल बरस सकते हैं। स्काईमेट के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक में कड़क बिजली के साथ बादल बरस सकते हैं।

 जबकि बीते 24 घंटों के दौरान एमपी, छत्तीसगढ़, राजस्थान, जम्मू और कश्मीर, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड ,सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। नार्थ-वेस्ट इंडिया में भारी बारिश की आशंका जहां स्काईमेट ने मौसम के बारे में ये बातें कहीं हैं वहीं भारतीय मौसम विभाग ने पहले ही नार्थ-वेस्ट इंडिया में भारी बारिश की आशंका व्यक्त कर रखी है, उसने तो कई जगहों पर अलर्ट जारी किया हुआ है। विभाग ने अगले 4 दिनों के लिए हिमाचल, कश्मीर, उत्तराखंड, एमपी, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी दी है। हिमाचल, कश्मीर और लद्दाख में तो बर्फबारी की भी आशंका है।

 दिल्ली का भी बदलेगा मिजाज दिल्ली में पारा अगले दो दिनों में 35 डिग्री के आस-पास जा सकता है। यहां दिन के तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। गर्मी बढ़ने के साथ-साथ राजधानी में प्रदूषण भी बढ़ सकता है, इसलिए लोगो कों एहतियात बरतने की जरूरत है। हालांकि आईएमडी ने कहा कि शुक्रवार-शनिवार को एक बार फिर से राजधानी के मौसम में तब्दीली हो सकती है, यहां बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसका असर इसके आस-पास के इलाकों पर भी पड़ेगा।