पेट्रोल-डीजल की तस्करी, पिछले 6 महीनों में पकड़े गए 84 लोग

पेट्रोल-डीजल की तस्करी, पिछले 6 महीनों में पकड़े गए 84 लोग

 नई दिल्ली 
गृह मंत्रालय ने बुधवार को राज्यसभा को बताया कि नेपाल से लगने वाले बिहार के जिलों में गुप्त रूप से बड़े पैमाने पर पेट्रोल-डीजल की बिक्री की जाती है। इसके पीछे की वजह दोनों देशों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अंतर होना है। इस वजह से पिछले छह महीनों में तस्करी के आरोप में 84 लोगों को पकड़ा गया है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को बिहार बीजेपी सांसद सुशील मोदी द्वारा पूछे गए सवाल का लिखित जवाब देते हुए कहा, ''बिहार सरकार ने हमें बताया है कि इस तरह की घटनाएं ईस्ट चंपारण, वेस्ट चंपारण और अररिया जिले में सामने आई हैं।''

उन्होंने राज्यसभा में आगे कहा, ''नेपाल से बिहार में पेट्रोल और डीजल की तस्करी के लिए पिछले छह महीनों में 84 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नेपाल से पेट्रोल और डीजल की तस्करी को रोकने के लिए राज्य में 245 लीटर पेट्रोल और 9,834 लीटर डीजल जब्त किया गया।''

लिखित जवाब में आगे बताया गया है कि सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), भारत-नेपाल सीमा बल के साथ सीमा पार से तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों की जांच करने के लिए प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। इसमें विभिन्न प्रकार के उपाय किए जाते हैं जैसे कि गश्त करना, नाकाबंदी करना, इनपुट के आधार पर सीमा पार करने वाले लोगों की रैंडम आधार पर जांच करना शामिल है।''