बंगाल चुनाव: नंदीग्राम में ममता VS शुभेंदु , BJP के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी
कोलकाता
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण के लिए भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को 57 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। बीजेपी महासचिव ने पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रत्याशियों के नामों के बारे में जानकारी दी। हाईप्रोफाइल सीट नंदीग्राम से बीजेपी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुकाबला करने के लिए मौजूदा विधायक सुवेंदु अधिकारी को ही टिकट दिया है। इसको देखते हुए अब नंदीग्राम पर सबसे बड़ी लड़ाई होने की उम्मीद जताई जा रही है। सुवेंदु पहले ममता बनर्जी सरकार में मंत्री थे और कुछ महीने पहले बीजेपी में शामिल हो गए थे।
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया. अरुण सिंह ने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति ने 57 सीटों के लिए नामों पर अपनी मुहर लगाई है. नंदीग्राम से शुभेंदु अधिकारी को टिकट दिया गया है. वह नंदीग्राम से ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे. वहीं क्रिकेटर से नेता बने अशोक डिंडा को भी टिकट दिया गया है.
इससे पहले कल (शुक्रवार) तृणमूल कांग्रेस ने 291 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की. साथ ही कांग्रेस, लेफ्ट और आइएसएफ गठबंधन ने भी 60 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था.
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी खुद इस बार नंदीग्राम से चुनावी मैदान में होंगी. ऐसे में बीजेपी ने शुभेंदु अधिकारी को भी नंदीग्राम से टिकट देकर मुकाबले को दिलचस्प कर दिया है. शुभेंदु ने यहां से सीएम ममता को चुनाव हराने का दावा किया है.
कल तृणमूल कांग्रेस ने कुल 291 उम्मीदवारों की लिस्ट में 50 महिला उम्मीदवारों को मौका दिया. इनके अलावा 42 मुस्लिम उम्मीदवार, 79 SC उम्मीदवार और 17 ST उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है. क्रिकेटर मनोज तिवारी को शिबपुर से टिकट मिला है, जबकि अभिनेत्री कंचन मलिक को उत्तरपाड़ा से मौका मिला है.
बता दें कि पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों पर इस बार 8 चरणों में मतदान होना है. पहले चरण के लिए 27 मार्च को मतदान होगा. इनके बाद 1, 6, 10, 17, 22, 26, 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे जबकि 2 मई को अन्य राज्यों के साथ ही रिजल्ट आएगा.
bhavtarini.com@gmail.com

