बीएसएफ कैंपस में भी कोरोना का कहर छह पॉजिटिव
इंदौर
शहर में लॉकडाउन के पहले तक जो परिसर कोरोना से सुरक्षित थे, अब वहां पर भी संक्रमण पहुंच गया है। एयरपोर्ट स्थित बीएसएफ कैंपस में अभी तक छह पॉजिटिव मिले, जबकि फर्स्ट बटालियन में एक कांस्टेबल कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इन परिसरों में जिन जवानों को कोरोना संक्रमण हुआ है, वे दूसरे शहरों से आए थे तो कुछ खुद के और अपने स्वजन के इलाज के लिए निजी अस्पताल गए थे। इसके बाद ये कोराना पॉजिटिव पाए गए।
महेश गार्ड लाइन स्थित फर्स्ट बटालियन के एक कांस्टेबल के संक्रमित पाए जाने के बाद बटालियन के एक कक्ष को सैनिटाइज कर बंद करवा दिया गया है। कांस्टेबल चार दिन पहले रामचंद्र नगर स्थित गीतांजलि अस्पताल में टाइफाइड व अन्य बीमारी के कारण भर्ती हुआ था। अस्पताल प्रबंधन ने वहां उसकी कोरोना की जांच कराई तो वह पॉजिटिव आया। इसके बाद उसे अरबिंदो अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया। बटालियन के कमांडेंट ओपी त्रिपाठी के मुताबिक हमारा एक जवान इलाज के लिए किसी निजी अस्पताल गया था। वहां जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अभी हम उसका सत्यापन करवा रहे हैं। जवान एक हफ्ते पहले हमारे ऑफिस के एक कक्ष में किसी कार्य से आया था। उस कक्ष में बैठने वाला स्टाफ अन्य कक्ष में बैठकर कार्य कर रहा है।
रायपुर से ट्रेनिंग के लिए आया जवान हुआ पॉजिटिव
एयरपोर्ट रोड स्थित बीएसएफ सीएसडब्ल्यूटी कैंपस में ट्रेनिंग के लिए रायपुर से एक जवान आया था। इसे बुखार के बाद बीएसएफ की मेडिकल यूनिट ने आइसोलेट कर टेस्ट करवाया तो वह पॉजिटिव आया। इसे 11 जुलाई को अरबिंदो अस्पताल शिफ्ट किया गया। एहतियात के तौर पर उसके हॉस्टल में साथ में रहने वाले लगभग 100 जवानों का टेस्ट कराया गया। जांच रिपोर्ट में जो जवान कोरोना पॉजिटिव आया था, उसके रूम में रहने वाले अन्य तीन जवान भी संक्रमित पाए गए। इसके अलावा एक अन्य जवान जो छुट्टी से कैंपस में लौटा था, वह भी पॉजिटिव पाया गया। इसके अलावा एक जवान डेढ़ माह से अस्पताल में पत्नी का इलाज करवा रहा था, वह भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इस तरह अभी तक कैम्पस में छह जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
bhavtarini.com@gmail.com 