महिला SSP पर टिप्पणी करने के मामले में सांसद पप्पू यादव पर केस

माधेपुरा
जन अधिकार पार्टी (जाप) के संरक्षक और माधेपुरा सांसद पप्पू यादव के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है. पप्पू यादव पर आरोप है कि उन्होंने महिला एसएसपी हरप्रीत कौर पर अभद्र टिप्पणी की थी. सीजेएम अदालत में अजय पांडे नाम के एक व्यक्ति ने उनके खिलाफ केस दाखिल किया है.

बता दें हाल ही में पप्पू यादव का नाम तब मीडिया में उछला था जब पप्पू यादव ने दावा किया कि एससी-एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में बंद के दौरान मुजफ्फरपुर में पार्टी के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर लौटते समय बंद समर्थकों ने उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की कोशिश की. उनका काफिला मुजफ्फरपुर शहर से एनएच-28 पर समस्तीपुर की ओर बढ़ रहा था, तभी खबरा गांव के पास बंद समर्थकों ने उन्हें घेर लिया. सांसद ने कहा कि इस तरह की घटना का उन्हें अंदाजा नहीं था. वहां जाति पूछकर पिटाई की गई.

हालांकि बाद में घटनास्थल से मिले वीडियो से पप्पू यादव की भद पिट गई. इससे पता चला कि बंद समर्थकों ने पप्पू यादव की बात सुनी और उन्हें आगे बढ़ने का रास्ता दिया था. इसके बाद मधेपुरा में पप्पू यादव ने अपने समर्थकों के सामने मुजफ्फरपुर एसएसपी हरप्रीत कौर पर आपत्तिजनक बयान देते हुए कहा कि उन्होंने घटना की रात पत्रकारों को 'लव लेटर' देकर बताया कि हमले की बात झूठ है.