‘हरा भोपाल शीतल भोपाल’ अभियान: बड़े तालाब के गहरीकरण और उसके आसपास हुए अतिक्रमण भी हटाया जाएगा- मंत्री जयवर्धन

‘हरा भोपाल शीतल भोपाल’ अभियान: बड़े तालाब के  गहरीकरण और उसके आसपास हुए अतिक्रमण भी हटाया जाएगा- मंत्री जयवर्धन

भोपाल
भोपाल की बड़ी झील यहां के रहवासियों का दिल है। इस दिल को हर हाल में बचाना होगा। सबको मिलकर इसका संरक्षण होगा। यह बात नगरीय विकास एवं प्रशासन मंत्री जयवर्धन सिंह ने आज बैरागढ़ स्थित विसर्जन घाट में बड़े तालाब गहरीकरण ‘हरा भोपाल शीतल भोपाल’ अभियान में कहीं है। मंत्री सिंह ने कहा कि केवल बड़े तालाब का गहरीकरण ही नहीं होगा, बल्कि उसके आसपास हुए अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा। इस मामले में प्रशासन को किसी भी तरह का ढीलापन नहीं दिखाना चाहिए। हमें तालाब को गंदे नालों से भी बचाना है। उसके लिए भी तेजी से कार्रवाई आगे बढ़ेगी। इस मौके पर जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा, महापौर आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, संभागायुक्त कल्पना श्रीवास्तव, कलेक्टर तरुण पिथौड़े, आयुक्त नगर निगम विजय दत्ता, नगर निगम अध्यक्ष सुरजीत सिंह चौहान सहित कई लोग उपस्थित थे।

मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि तालाबों के संरक्षण को लेकर केवल अभी ही नहीं हमेशा के लिए कार्रवाई चलनी चाहिए। ऐसे में अब दिसंबर या जनवरी से झील के सूखते किनारों पर गहरीकरण का काम किया जाएगा, ताकि समय की कमी ना हो। इसके पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर आलोक शर्मा ने कहा कि भोपाल के बड़े तालाब को सुरक्षित रखने के लिए हम सभी प्रतिबद्ध है। इसके गहरीकरण का काम हमने पिछले साल भी किया था। उन्होंने कहा कि बड़े तालाब से ही बैरागढ़ को पानी दिया जाता है। इस कारण इस क्षेत्र में गहरीकरण करने की सबसे ज्यादा जरुरत है। तालाब के गहरीकरण के साथ यहां पर हो रहे अतिक्रमण को भी रोकना जरूरी है। तालाब के किनारे कई असरदार और नामदारों ने कब्ज करके रखा है। कई लोगों ने हेल्थ क्लब की अनुमति लेकर लोगों ने बंगले बनाएं हैं और गार्डन बनाएं है। इसकी अनुमति की जांच होने के बाद कार्रवाई होना चाहिए।

जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि बड़े तालाब से अतिक्रमण हटाने के लिए सख्ती की जाएगी और जब यह कार्रवाई चलेगी, तो मैं एक हफ्ते के लिए शहर से बाहर चला जाऊंगा। इसके पहले विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि गहरीकरण का कार्यक्रम काफी लेट हुआ है। अगर बड़े तालाब से अतिक्रमण हट गया तो मैं सभी का व्यक्तिगत तौर पर स्वागत करूंगा। विधायक शर्मा ने कहा कि हमारे जनसंपर्क मंत्री मंत्री बड़े दयालु हैं और वे कई बार ऐसे लोगों के लिए भी फोन कर देते हैं, जो काम में आड़े आते हैं। ऐसे में वे ऐसे लोगों से बचें। उन्होंने कोलांस नदी का भी अतिक्रमण हटाने की मांग की है।