महाराष्ट्र में 18 मंत्रियों ने 50-50 के फॉर्मूले में ली शपथ

महाराष्ट्र में 18 मंत्रियों ने 50-50 के फॉर्मूले में ली शपथ

मुंबई। एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री बनने के 39 दिन बाद मंगलवार को महाराष्ट्र में मंत्रिमंडल का गठन हो गया। 50-50 फॉर्मूले के तहत दोनों ओर से 9-9 विधायक मंत्री बनाए गए। इस तरह शिंदे कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत कुल मंत्रियों की संख्या 20 हो गई है। सबसे पहले भाजपा के राधाकृष्ण विखे पाटिल ने शपथ ली। नए मंत्रिमंडल में भाजपा के प्रभात लोढा सबसे अमीर हैं, जबकि मुख्यमंत्री खुद सबसे कम 10वीं पास हैं। नई कैबिनेट में एक मंत्री 10वीं और 5 बारहवीं पास हैं। इनके अलावा एक इंजीनियर, 7 ग्रेजुएट, 2 पोस्ट ग्रेजुएट और एक डॉक्टरेट की उपाधि ले चुके हैं। भाजपा के विधायक सुरेश खाड़े सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे हैं। सीएम शिंदे भी 10वीं पास हैं और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने ग्रेजुएशन किया है। 

सभी मंत्री करोड़पति
शिंदे कैबिनेट में शामिल मुख्यमंत्री समेत सभी 20 मंत्री करोड़पति हैं। शिवसेना के संदीपन राव कैबिनेट के सबसे गरीब मंत्री हैं। संदीपन ने 2019 के विधानसभा चुनाव में अपनी कुल संपत्ति 2.92 करोड़ बताई थी। वहीं मंगल प्रभात लोढ़ा कैबिनेट के सबसे अमीर मंत्री हैं। लोढ़ा ने 2019 के विधानसभा चुनाव में 441.65 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति बताई थी।

युवा और बुजुर्ग मंत्री दोनों शिवसेना से
नई कैबिनेट की औसत उम्र 59.5 साल है। रत्नागिरी विधानसभा सीट से जीते शिवसेना विधायक उदय सामंत कैबिनेट के सबसे उम्र के मंत्री हैं। 46 साल के सामंत ने खुद को चुनावी हलफनामे में किसान और समाज सेवी बताया है। सामंत के अलावा कोई भी मंत्री 50 साल से कम उम्र का नहीं है। सामंत के बाद युवा मंत्रियों में 52 साल देवेंद्र फडणवीस और रवींद्र चव्हाण का नाम आता है। वहीं, शिवसेना के ही टिकट पर जीते दीपक केसरकर कैबिनेट में सबसे उम्रदराज मंत्री बने हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में 67 साल के केसरकर सावंतवाड़ी विधानसभा सीट से जीते थे। कैबिनेट में शामिल 11 मंत्रियों की उम्र 60 साल से अधिक है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे 58 साल के हैं।