प्रति हेक्टर 20-20 क्विंटल होगी चना और सरसों की खरीदी: सिंधिया

प्रति हेक्टर 20-20 क्विंटल होगी चना और सरसों की खरीदी: सिंधिया

कृषि मंत्री कमल पटेल ने सिंधिया को पत्र के माध्यम से अवगत कराया

भोपाल, /मध्यप्रदेश के किसानों के लिए खुशखबरी है। अब न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन के दौरान किसानों से चना और सरसों की प्रति हेक्टर 20-20 क्विंटल की खरीदी की जाएगी। इस संबंध में मध्य प्रदेश सरकार ने आदेश निकाल दिए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किसानों की मदद के लिए मध्यप्रदेश सरकार के कृषि मंत्री कमल पटेल को पत्र लिखकर 20-20 क्विंटल प्रति हेक्टर खरीदी की मांग की थी। ज्योतिरादित्य की इस मांग के बाद अब कृषि मंत्री कमल पटेल ने उन्हें एक पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि उनके विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं और अब चना एवं सरसों की खरीदी प्रति हेक्टेयर 20-20 क्विंटल की जाएगी। मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को लिखे पत्र में बताया है कि भारत सरकार की प्राइस सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत रवि वर्ष 2019-20 में चना, मसूर एवं सरसों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन हेतु आपके द्वारा जो ध्यान आकर्षित कराया गया था एवं आपके सुझाव अनुसार 15 मई 2020 को प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में निर्णय लिए जाकर चना और सरसों का प्रति हेक्टेयर 20-20 क्विंटल उपार्जन के आदेश जारी किए जा चुके हैं। पत्र में आदेश की प्रति संलग्न की गई है। कृषि मंत्री ने पत्र लिखकर बताया है कि प्रदेश सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के किसानों से बढ़ी हुई मात्रा में उपार्जन किए जाने से चना उपार्जन से लगभग 400 करोड़, सरसों उपार्जन से लगभग 350 करोड । इस प्रकार कुल 750 करोड़ का अनुमानित लाभ किसानों को होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किसान हितेषी इस मांग को पूरा करने पर मध्यप्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान  और कृषि मंत्री कमल पटेल का आभार व्यक्त किया है।