3 राज्यों के विधानसभा चुनाव पर मंथन, भाजपा के पार्टी पदाधिकारियों के साथ नड्डा आज करेंगे बैठक
नई दिल्ली
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा मंगलवार को सांगठनिक मामलों की समीक्षा और आने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी की तैयारियों का जायजा लेने के लिये पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं। इस साल हरियाणा, झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने हैं।
भाजपा इन तीनों राज्यों में सत्ता में है और हाल में हुए लोकसभा चुनावों में भी उसने यहां सभी सीटों पर जीत हासिल की थी। उसके सामने हरियाणा में कांग्रेस, झारखंड में कांग्रेस-झामुमो गठबंधन और महाराष्ट्र में कांग्रेस-राकांपा मुख्य चुनौती हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने कमर कसी
वहीं दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल में दो साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करना शुरू कर दिया है। लोकसभा चुनावों की बड़ी सफलता के बाद पार्टी सदस्यता अभियान के जरिए हर बूथ तक अपने संगठन को मजबूत करने जा रही है। उसकी नजर तेलंगाना और ओडिशा पर भी है।
इन राज्यों में चुनावों में भले ही चार से पांच साल हों, लेकिन पार्टी को वहां बेहतर संभावनाएं नजर आ रही हैं। सदस्यता अभियान व संगठनात्मक मुद्दों को लेकर भाजपा अध्यक्ष व गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पश्चिम बंगाल, ओडिशा व तेलंगाना के कोर ग्रुप संग बैठकें की है।
तीनों राज्यों की अलग-अलग बैठकों में संगठन के विस्तार के साथ भावी रणनीति को लिए केंद्र ने दिशा-निर्देश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, भाजपा इन तीनों ही राज्यों में अगले विधानसभा चुनावों में सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर तैयारी करने जा रही है, जिसकी शुरुआत संगठन मजबूती व हर बूथ पर पार्टी के सदस्यों की मौजूदगी से होगी। भाजपा का मानना है कि पश्चिम बंगाल में जनता भाजपा को विकल्प के रूप में स्वीकार करने को तैयार है।
bhavtarini.com@gmail.com 