300 जवान 24 घंटे 109 रेड जोन में रहेंगे तैनात

300 जवान 24 घंटे 109 रेड जोन में रहेंगे तैनात

ग्वालियर
कोरोना संक्रमण पर पुख्ता तरीके से काबू के लिए पुलिस सिर्फ रेड जोन की सुरक्षा की तैयारी कर रही है। इसके लिए मंगलवार तक 109 कंटेनमेंट जोन गिने गए हैं। इन पर करीब 300 जवान राउंड द क्लॉक लगाए जाएंगे। जिनकी यहां डयूटी रहेगी उन्हें चिह्नित किया जा रहा है। दरअसल कंटेमनेंट जोन की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। हर दिन इन जोन की गिनती बढऩे से पुलिस के सामने भी फोर्स तैनात करने की समस्या बनी थीं। इसलिए तमाम जोन ऐसे थे जहां निगरानी सिर्फ खानापूर्ति चल रही थीं। सोमवार को पुलिस ने कंटेनमेंट जोन की सुरक्षा में यू टर्न लिया।


एसपी कलक्टर के बीच बात में तय हुआ कि पुलिस सिर्फ रेड जोन की निगरानी करेगी, क्योंकि संक्रमण के यही इलाके सबसे ज्यादा संवेदनशील होते हैं। यहां लापरवाही से कोरोना बढऩे का खुटका ज्यादा रहता है। इन पर पूरी तरह फोकस किया जाए तो कोरोना को काबू किया जा सकता है। अगर सीमित जोन की सुरक्षा का जिम्मा रहेगा तो पुलिस भी पूरी सख्ती के साथ वहां निगरानी कर सकेगी।

कई पर कैमरे की निगरानी नहीं
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कंटेनमेंट जोन की सुरक्षा को लेकर पुलिस ही कटघरे में रही है, जबकि कोरोना गाइड लाइन के मुताबिक इन जोन की निगरानी के लिए सीसीटीवी भी जरूरी है। लेकिन होता यह रहा है कि रोज कोरोना मरीज की गिनती बढ़ती है तो पुलिस तो वहां बेरिकेड्स लगाकर बैठ जाती है। सुरक्षा के बाकी मानकों की तरफ ध्यान नहीं दिया जाता। अब भी तमाम जोन ऐसे हैं जहां सीसीटीवी नहीं हैं। यहां कैमरे की निगरानी के लिए कई बार नगर निगम को कहा भी जा चुका है।

एक जोन में तीन पुलिसकर्मी की ड्यूटी

आरआइ अरविंद दांगी ने बताया मंगलवार तक 109 रेड जोन निगरानी की सूची में दर्ज हैं। एक जोन पर करीब तीन पुलिसकर्मी राउंड द क्लॉक तैनात रहेंगे, इसलिए एक बार में करीब तीन सौ पुलिसकर्मियों को यहां डयूटी पर लगाया जाएगा। अभी तक करीब 400 जोन की सुरक्षा का जिम्मा था, इसमें फोर्स का भी टोटा पड़ रहा था। इसके अलावा सभी जोन में तैनात पुलिसकर्मी सलीके से ड्यूटी कर रहे चैक करना भी दिक्कत थी। अब निगरानी वाले जोन कम हो गए हैं तो उनकी चेकिंग भी दिन में दो बार की जा सकती है। इसके लिए फोर्स को भी चिह्नित किया जा रहा है। एसपी का आदेश आने पर इनकी सुरक्षा में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगें।