सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने किया कोटपूटली–बहरोड़ के ग्राम प्रागपुरा में सहकार सुपर बाजार (मार्ट) का उद्घाटन

सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने किया कोटपूटली–बहरोड़ के ग्राम प्रागपुरा में सहकार सुपर बाजार (मार्ट) का उद्घाटन

सहकार समिति के लिए 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम एवं जल्द ही हार्वेस्ट उपलब्ध करवाने की घोषणा की

जयपुर। सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने गुरुवार को कोटपूटली–बहरोड़ जिले के उपखण्ड पावटा में ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड प्रागपुरा द्वारा आयोजित किसान सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर सहकार सुपर बाजार (मार्ट) का उद्घाटन किया। इस दौरान कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में विराटनगर विधायक कुलदीप धनखड़ व स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

दक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के निर्देशन व  मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने "सहकार से समृद्धि" के तहत सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने, सहकारी आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल एक प्रशासनिक व्यवस्था नहीं, बल्कि विश्वास, सहभागिता और सामूहिक विकास की भावना का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ हर पंचायत में सहकारी समिति स्थापित करने और गांव-गांव को सहकारी आंदोलन का केंद्र बनाने के लिए नई राष्ट्रीय सहकारिता नीति शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि इस नई नीति का मकसद है, सहकारी संस्थाओं को मजबूत करना, गांवों को आत्मनिर्भर बनाना और लोगों को नए रोजगार देना। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास पूंजी नहीं है लेकिन मेहनत करना चाहते हैं, उनके लिए सहकारिता ही एकमात्र रास्ता है। उन्होंने कहा की सहकारिता के क्षेत्र में पारदर्शिता हेतु डिजिटलाइजेशन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, प्रत्येक किसान साथी को इससे जुड़कर इसका लाभ लेना चाहिए।

इस दौरान दक ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा आम जनता तक पहुंचे इसके लिए सभी मिलकर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सहकार मार्ट सहकारिता के 'एक सबके लिए, सब एक लिए' की अवधारणा को सिद्ध करता है। उन्होंने इसे किसानों की समृद्धि और सहकारी आंदोलन को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया

उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार किसान के सर्वागीण विकास हेतु संकल्पित है, इसी दिशा में कार्य करते हुए किसान साथियों को किसान सम्मान निधि योजना के तहत आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है।

इस दौरान उन्होंने प्रागपुरा सहकारी समिति के लिए 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम एवं समिति को जल्द हार्वेस्ट उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की।

विराटनगर विधायक कुलदीप धनखड़ ने कहा कि सहकार मार्ट के संचालन से क्षेत्र के आमजन को उचित दर पर दैनिक उपभोग की सामग्री प्राप्त हो सकेगी। उन्होंने क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि सहकारिता के क्षेत्र में सरकार द्वारा विराटनगर विधानसभा सहित जिलेभर में उन्नतिशील कार्य किए गए हैं।