रांची, एचईसी के प्लांटों में काम करने वाले कर्मचारियों को कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद इसके उत्पादन पर भी असर पड़ने लगा है। कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद एचएमबीपी के मेटेरियल डिवीजन, महाप्रबंधक कार्यालय और लेखा विभाग को बंद कर दिया गया है। मेटेरियल डिवीजन बंद होने से सबसे अधिक परेशानी हो रही है और इसरो के एक बड़े प्रोजेक्ट का काम इससे प्रभावित होने लगा है। इसके अलावा कुछ और महत्वपूर्ण कार्यादेश भी प्रभावित होंगे और समय पर इसकी आपूर्ति नहीं हो पाएगी। इसरो से एचईसी को लांचिंग पैड निर्माण का कार्यादेश मिला है। इसे तीन चरणों में पूरा करना है। दो चरण का काम पूरा कर लिया गया है। तीसरे चरण का काम पूरा कर अगस्त में इसकी आपूर्ति करनी थी, लेकिन तीन विभाग बंद हो जाने के कारण निर्माण काम बाधित हो गया है। मेटेरियल डिवीजन के बंद हो जाने के कारण कुछ मेटेरियल की कमी को पूरा करने में विलंब होगा। इस डिवीजन को फिलहाल बंद कर दिया गया है और सेनेटाइज करने और यहां पदस्थापित कर्मचारियों और अधिकारियों की रिपोर्ट आने के बाद ही काम शुरू होने की संभावना है। इसी प्रकार अकांउटस विभाग और महाप्रबंधक कार्यालय को बंद किया गया है। तीन दिन से इन तीनों विभाग में काम नहीं होने से उत्पादन प्रभावित होने लगा है।
इसरो के प्रोजेक्ट को दी जा रही थी प्राथमिकता
मार्च में लॉकडाउन वन के बाद से भी इसरो का प्रोजेक्ट विलंब हो गया था। इसके बाद उद्योगों को खोलने की छूट मिलने के बाद एचईसी ने सबसे पहले इसरो के प्रोजेक्ट को तेजी से पूरा करना शुरू किया और प्रथम चरण के उपकरणों का निर्माण कर इसकी आपूर्ति भी कर दी। इसके इसी प्रोजेक्ट के कुछ अन्य उपकरणों का निर्माण कार्य चल रहा है, जो बाधित हो गया है।