और जब महिला ने लगाया हिंदुस्तान मुर्दाबाद का नारा

ग्वालियर मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में एक महिला का वीडियो वायरल हुआ है. इस वीडियो में महिला चिल्ला-चिल्लाकर हिंदुस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाती देखी जा रही है. परेशान महिला कह रही हैं कि ये देश पाकिस्तान से भी बदतर हो गया है. साथ ही वह नगर निगम से कुछ दिनों को मोहलत मांगती नजर आ रही है. मामला ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास स्थापना के आसपास का है जहां करीब 200 मीटर की परिधि में बने मकानों को तोड़ने के विरोध में एक महिला गुस्से में आ गई. इस दौरान महिला नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ आक्रोशित होकर हिंदुस्तान मुर्दाबाद के नारे लगा रही है. यह महिला इस एरिया में बतौर किराएदार रहती है. वीडियो में देखा जा सकता है कि जब नगर निगम की जेसीबी मकान को गिराने आई तो वह महिला कर्मियों से दो दिन की मोहलत मांगती नजर आई. इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने कोर्ट के आदेश का हवाला देकर कार्रवाई शुरू करने की बात कही तो वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी.