मतगणना को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने जारी किए विस्तृत दिशा-निर्देश

मतगणना को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने जारी किए विस्तृत दिशा-निर्देश

20 नवंबर को प्रातः 6 बजे तक मतगणना कार्मिकों को पहुंचना होगा मतगणना स्थल

उम्मीदवारों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं को पहचान पत्र के आधार पर मिलेगा प्रवेश, वार्डवार होगी मतगणना

ईवीएम से पहले होगी संबंधित वार्ड के पोस्टल बैलेट की गणना, परिणाम के बाद निर्वाचित सदस्यों को दिलाई जाएगी शपथ

मतगणना स्थल पर सुरक्षा, प्रवेश एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

जयपुर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत 20 नवंबर को होने वाली जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) जयपुर संदेश नायक ने मतगणना की विभिन्न प्रक्रियाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को प्रातः 8 बजे से सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, जयपुर में प्रारंभ होगी। मतगणना कार्य के सुचारू संचालन के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को पर्याप्त कार्मिकों की नियुक्ति एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक पर्यवेक्षक एवं एक सहायक होंगे नियुक्त

जिला परिषद् एवं पंचायत समिति के वार्डों की मतगणना के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी पर्याप्त संख्या में कार्मिकों की नियुक्ति करेंगे। प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक एवं एक मतगणना सहायक नियुक्त किया जाएगा। मतगणना कार्मिकों की नियुक्ति मतदान दल रचना प्रकोष्ठ के माध्यम से की जाएगी। कार्मिकों को प्रशिक्षण के दौरान पहचान पत्र दिए जाएंगे। सभी मतगणना कार्मिकों को 20 नवंबर को प्रातः 6 बजे निर्धारित मतगणना स्थल पर पहुंचना होगा। वहां उन्हें उनके आवंटित मतगणना कक्ष एवं टेबल के नियुक्ति आदेश वितरित किए जाएंगे।

उम्मीदवारों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं को पहचान पत्र के आधार पर मिलेगा प्रवेश

मतगणना कक्ष में उम्मीदवारों, उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं मतगणना अभिकर्ताओं को निर्धारित पहचान पत्र के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। उम्मीदवारों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं के पहचान पत्र जिला परिषद के सहायक रिटर्निंग अधिकारी अथवा संबंधित पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जारी किए जाएंगे। मतगणना स्थल पर प्रवेश के समय पहचान पत्रों का सत्यापन किया जाएगा।
एक मतगणना कक्ष में एक समय में एक ही वार्ड की मतगणना की जाएगी। किसी वार्ड का परिणाम घोषित होते ही उस वार्ड के सभी उम्मीदवारों एवं अभिकर्ताओं को तत्काल मतगणना कक्ष एवं मतगणना स्थल से प्रस्थान करना होगा। इसके बाद संबंधित रिटर्निंग अधिकारी कंट्रोल रूम को सूचना देंगे तथा माइक के माध्यम से अगले वार्ड के उम्मीदवारों एवं अभिकर्ताओं को मतगणना के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद अगले वार्ड की मतगणना प्रारंभ की जाएगी।

  
पोस्टल बैलेट की गणना के लिए जिला परिषद के सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारी अपने-अपने स्तर पर संबंधित वार्डों के पोस्टल बैलेट को अलग-अलग वार्डवार पृथक करेंगे। प्रत्येक वार्ड की ईवीएम से मतगणना शुरू होने से पूर्व उसी वार्ड के पोस्टल बैलेट की गणना की जाएगी। इसके पश्चात ही ईवीएम से मतगणना प्रारंभ होगी। किसी भी स्थिति में दो वार्डों के पोस्टल बैलेट की गणना एक साथ नहीं की जाएगी।
मतगणना पूर्ण होने के तत्काल बाद संबंधित जिला परिषद के सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारी द्वारा निर्वाचित सदस्य को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान करने एवं शपथ दिलाने की कार्रवाई संपन्न करवाई जाएगी। प्रमाण पत्र प्राप्त करने एवं शपथ लेने के बाद निर्वाचित सदस्य को भी मतगणना स्थल से प्रस्थान करना होगा।

ईवीएम को निर्धारित प्रक्रिया से मतगणना कक्ष तक पहुंचाया जाएगा

ईवीएम संग्रहण कक्ष से मतगणना कक्ष तक मशीनों को पहुंचाने एवं मतगणना के बाद वापस सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित अधिकारियों की होगी। ईवीएम संग्रहण कक्ष से मतगणना कक्ष तक मशीनें तहसीलदार अथवा नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारी लेकर आएंगे। मतगणना पूर्ण होने के बाद ईवीएम एवं संबंधित सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ईवीएम स्टोर, निवारू रोड में जमा करवाया जाएगा।

मतगणना स्थल पर सुरक्षा एवं अनुशासन के लिए विशेष व्यवस्थाएं

मतगणना में लगे कार्मिकों एवं अन्य अधिकृत व्यक्तियों को मतगणना के दौरान परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। मतगणना परिसर में बीड़ी, सिगरेट, माचिस, ब्लेड आदि निषेधात्मक वस्तुएं लाने पर प्रतिबंध रहेगा। मतगणना दिवस पर मतगणना व्यवस्था में नियुक्त प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति को मोबाइल, पेजर आदि लेकर परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
 
संबंधित प्रभारियों को मतगणना स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए हैं। मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था संबंधित पुलिस अधिकारियों द्वारा सुनिश्चित की जाएगी, ताकि मतगणना कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।