पहली बार कोई पीएम पहुंचा करगिल विजय दिवस समारोह में

 पहली बार कोई पीएम पहुंचा करगिल विजय दिवस समारोह में
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थोड़ी देर में दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में करगिल विजय दिवस से जुड़े कार्यक्रम को संबोधित करेंगे. करगिल युद्ध के 20 साल पूरे होने के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है. प्रधानमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं. यह पहला मौका है जब प्रधानमंत्री करगिल विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्र को संबोधित करेंगे. अब तक किसी भी प्रधानमंत्री ने करगिल विजय दिवस पर आयोजित किसी सार्वजनिक आयोजन में शिरकत नहीं की है. इस कार्यक्रम में करगिल युद्ध पर बनी छोटी फिल्म भी दिखाई जाएगी और सेना का बैंड भी प्रस्तुति देगा. करगिल विजय दिवस की 20वीं सालगिरह के मौके पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर युद्ध में शहीद सेना के जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, मां भारती के सभी वीर सपूतों का मैं हृदय से वंदन करता हूं. यह दिवस हमें अपने सैनिकों के साहस, शौर्य और समर्पण की याद दिलाता है. इस अवसर पर उन पराक्रमी योद्धाओं को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को 1999 में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध के समय की अपनी कारगिल की यात्रा की कुछ तस्वीरों को साझा भी किया. पीएम मोदी ने ट्विटर पर तस्वीरों को शेयर करते हुए कहा, साल 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान मुझे कारगिल जाने और अपने बहादुर सैनिकों के साथ एकजुटता दिखाने का अवसर मिला.