पत्थरबाजों संभल जाओ, वरना ठोक दिए जाओगे

पत्थरबाजों संभल जाओ, वरना ठोक दिए जाओगे

गृह मंत्री बोले-समाज को तोड़ने वाली ताकतों को पनपने नहीं देंगे

-पत्थरबाजों की संपत्ति जब्त करने का कानून बना रही सरकार

भोपाल। संभल जाओ! अगर गलत करोगे तो रोकेंगे, नहीं मानोगे तो ठोकेंगे। प्रदेश में कानून का राज ही रहेगा। यह चेतावनी मप्र के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दी है।

पनपने नहीं देंगे

प्रदेश में पिछले दिनों हुई पत्थरबाजी की घटनाओं को लेकर बुधवार को मंत्री ने कहा कि समाज को तोड़ने वाली ताकत कोई भी हो या विध्वंसकारी, किसी को पनपने नहीं देंगे।

पत्थरबाजों पर शिकंजा

गौरतलब है कि पिछले दिनों नीमच, उज्जैन और मंदसौर में पत्थरबाजी की घटनाओं के बाद से ही सरकार पत्थरबाजों पर शिकंजा कसने में जुटी है। इससे पहले मुख्यमंत्री भी कह चुके हैं कि पत्थरबाज समाज के दुश्मन हैं। शांतिपूर्ण ढंग से कोई अपनी बात कहे, लोकतंत्र इसकी इजाजत देता है, लेकिन हिंसा करना और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना अक्षम्य अपराध है।

प्रॉपर्टी जब्त करने का कानून बना रही सरकार

गृहमंत्री ने कहा कि सरकार ने तय किया है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ न केवल कार्रवाई की जाएगी, बल्कि सजा के साथ-साथ नुकसान की राशि भी वसूली जाएगी। इसके लिए भले ही उनकी प्रॉपर्टी ही जब्त क्यों ना करनी पड़े।