kamlesh pandey
छतरपुर। पन्ना रोड में स्थित एक होटल में एएनएम को प्रशिक्षण दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस प्रशिक्षण के माध्यम से एएनएम को बताया गया कि वे मोबाइल एप अनमोल में ही टीकाकरण और जच्चा-बच्चा की देखभाल का डाटा दर्ज करेंगे। मोबाइल एप से तुरंत पता चल सकेगा कि कहां टीकाकरण हुआ है और कितने बच्चों का हुआ है। एक क्लिक में पूरा डाटा सबके सामने आ जाएगा।

संयुक्त संचालक स्वास्थ्य संतोष जैन ने बताया कि जच्चा-बच्चा की जांच टीकाकरण सहित स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य जानकारियां मोबाइल एप पर मिलेंगी। उन्होंने बताया कि अनमोल नाम के इस एप की सबसे पहले शुरूआत आंध्रप्रदेश में हुई थी। इस एप को प्रदेश के 14 जिलों में लागू किया गया है। एप के माध्यम से सभी जानकारियां इकट्ठी मिल सकेंगी। उन्होंने बताया कि एएनएम अब कागजी डाटा बनाने के बजाय मोबाइल में ही एप में डाटा दर्ज करेंगी। कार्यशाला में सीएमएचओ डॉ. व्हीएस बाजपेयी, टीकाकरण अधिकारी डॉ. सुरेश बौद्ध के अलावा ढाई सौ एएनएम मौजूद रहीं।