Pfizer की वैक्सीन 65 साल से अधिक उम्र के लोगों पर भी 95% असरदार

Pfizer की वैक्सीन 65 साल से अधिक उम्र के लोगों पर भी 95% असरदार

वॉशिंगटन
कोरोना वायरस की घातक महामारी से लोगों को बचाने के लिए वैक्सीन की खोज में जुटी फार्मा कंपनी Pfizer Inc को बेहद उत्साहजनक नतीजे मिले हैं। कंपनी ने कहा है कि उसकी बनाई वैक्सीन 95% तक असरदार है। इसके साथ ही कंपनी अमेरिका में सबसे पहले FDA की इजाजत के लिए आवेदन देने के लिए कुछ ही दिन में तैयार हो जाएगी।

सभी उम्र, समुदायों पर असर
Pfizer की mRNA आधारित वैक्सीन BNT162b2 के क्लिनिकल ट्रायल के फाइनल अनैलेसिस के डेटा में यह सफलता मिली है। अमेरिकी कंपनी और पार्टनर BioNTech SE ने कहा है कि उनकी वैक्सीन से सभी उम्र और समुदाय के लोगों को सुरक्षा मिली है। इसकी सुरक्षा को लेकर भी कोई गंभीर समस्या सामने नहीं आई है। इसके साथ ही, अमेरिका के FDA (फूड ऐंड ड्रग ऐडमिनिस्ट्रेशन) से इमर्जेंसी में इस्तेमाल की इजाजत (EUA) हासिल करने के लिए मानक को पार कर लिया गया है।

क्या रहे नतीजे
वैक्सीन का ट्रायल 44 हजार लोगों पर किया गया था। डेटा में पाया गया कि 170 वॉलंटिअर्स को कोविड-19 हुआ जिनमें से 8 लोग ऐसे थे जिन्हें वैक्सीन दी गई थी और 162 को प्लसीबो। वैक्सीन ने बीमारी की गंभीरता को कम किया जबकि प्लीबो समूह के 10 में से 9 लोगों को गंभीर बीमारी हुई। डेटा में बताया गया है कि 65 साल की उम्र से ज्यादा के लोगों पर वैक्सीन 94% से ज्यादा असरदार पाई गई।

गंभीर साइड इफेक्ट नहीं
जिन लोगों को वैक्सीन दी गई थी उनमें इसका अच्छा असर देखा गया और खास साइड इफेक्ट नहीं हुए। ज्यादा थकान की समस्या 3.7% वॉलंटिअर्स में दूसरी खुराक के बाद देखी गई लेकिन 2% से ज्यादा लोगों में सिर्फ यही एक गंभीर परेशानी देखी गई थी।