राहत - 2 की तैयारियां जोरों पर
नगर के तीनों अस्पतालों में होंगे ऑपरेशन्स
महात्मा गाँधी खेल मैदान में बनी विशाल ओपीडी
रोटरी ने पत्रकारों को दी राहत - 2 की जानकारी
Syed Javed Ali
मंडला - राज्य शासन, रोटरी इंटरनेशनल एवं तन्खा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित राहत - 2 का आयोजन मंडला के महात्मा गांधी खेल मैदान में 7 नवंबर से किया जा रहा है। कैंप की तैयारियां अंतिम दौर में है। कैंप के लिए महात्मा गाँधी खेल मैदान, जिला चिकित्सालय, कटरा हॉस्पिटल एवं योगिराज हॉस्पिटल में जोर शोर से तैयारियां की जा रही है। इस कैंप को सफल बनाने के लिए कलेक्टर डॉ. जगदीश चंद्र जटिया ने नेतृत्व में पूरा जिला प्रशासन हर स्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है। साथ ही रोटरी क्लब मंडला मेकल एवं इनर व्हील की टीम भी लगातार तैयारियों में जुटी है। क्लब के सदस्यों द्वारा नगर के तीनों अस्पतालों में लगे हुए स्क्रीनिंग कैंप के दौरान मरीजों की सुविधाओं हेतु मुस्तैद है। शिविर में आ रहे मरीजों एवं चिकित्सीय स्टाफ की सहूलियत के लिए रोटरी द्वारा टीम गठित कर अलग - अलग दायित्व सौपे गए है।
अर्थाभाव के कारण नहीं रुकेगा वंचितों का इलाज - श्री तन्खा
राज्य सभा सांसद एवं पूर्व रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विवेक कृष्ण तन्खा ने बताया कि शिविर में आ रहे रोगियों के परिक्षण, इलाज एवं सर्जरी के लिए विभिन्न प्रकार के हाई टेक मेडिकल इक्विपमेंट्स का प्रबंध राज्य शासन एवं रोटरी द्वारा उपलब्ध कराये जा रहे है। जिसके माध्यम से आदिवासी बाहुल्य जिले की जनता को अच्छा इलाज मिल सके। इस कैंप को लगाने का हमारा मुख्य उद्देश्य यही है कि वंचित लोगों को अर्थाभाव के कारन इलाज से वंचित न होना पड़े। रोटरी सदा ही पीड़ित मानवता की सेवा के लिए तत्पर रहती है श्री तन्खा ने कहा कि इस शिविर में चिकित्सीय सेवा के अतिरिक्त अन्य गतिविधियां रोटरी एवं तन्खा फाउंडेशन के द्वारा की जायेगी। जिसके अंतर्गत महिलाओं को स्वरोजगार हेतु प्रोत्साहित कर आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित किया जायेगा। बेरोजगार युवकों को रोजगार से जोड़ने के लिए भी विभिन्न कार्यक्रम संचालित किये जायेगे।
शिविर के लिए बना विशाल पंडाल -
राज्य शासन, रोटरी इंटरनेशनल एवं तन्खा फाउंडेशन द्वारा आयोजित हो रहे विशाल राहत मेडिकल कैंप के लिए महात्मा गांधी खेल मैदान में 60 हज़ार स्क्वायर फ़ीट में विशाल पंडाल तैयार किया गया है। पंडाल के अंदर रजिस्ट्रेशन, दवा वितरण, चिकित्सक परिक्षण केंद्र के लिए सर्वसुविधा युक्त 180 केबिन तैयार किये गए है। साथ ही मरीजों की सुविधा का ध्यान रखते हुए बैठने के लिए पर्याप्त मात्रा में कुर्सियों का इंतिज़ाम किया गया है। खेल मैदान में ही पानी की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
मरीजों को भोजन कराने विभिन्न संस्था आ रही आगे -
शिविर में आ रहे चिकित्सकों, पेरा मेडिकल स्टाफ एवं सर्जरी के लिए भर्ती मरीज व उसके अटेंडेंट के लिए दोनों वक़्त के खाने व नाश्ते काइंतिज़ाम रोटरी क्लब द्वारा किया जायेगा। शिविर में आने वाले अन्य मरीजों व उनके परिजनों के भोजन की व्यवस्था वभिन्न संस्थाओं द्वारा किया जा रहा है। कैंप में परिक्षण के लिए आये मरीजों की भोजन व्यवस्था खेल मैदान में ही की गई है।
पत्रकारवार्ता कर दी जानकारी -
मंडला के महात्मा गांधी खेल मैदान में 7 नवंबर 2019 से राहत मेडिकल कैंप - 2 का आयोजन किया जा रहा है। मेडिकल कैंप में देश विदेश के नामी डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे शिविर के लिए अब तक करीब 43000 मरीजों का ऑनलाइन पंजीयन हो चुका है। महात्मा गांधी खेल मैदान में आयोजित होने वाले इस मेगा मेडिकल कैंप के बारे में राहत - 2 के चेयरमैन रोटेरियन संजय तिवारी रोटरी क्लब मंडला मेकल की अध्यक्ष डॉ रश्मि वाजपेई ने नगर पालिका टाउन हॉल में आयोजित पत्रकार वार्ता में मेडिकल कैंप के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। रोटेरियन संजय तिवारी ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन के सहयोग से रोटरी क्लब और जस्टिस तंखा फाउंडेशन द्वारा विशाल मेगा शिविर का आयोजन मंडला के महात्मा गांधी खेल मैदान में किया जा रहा है। इस कैंप के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों से विख्यात लगभग 550 डॉक्टर के आने की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। महात्मा गांधी खेल मैदान में मरीजों के चेकअप के लिए विशाल ओपीडी बनाई जा रही है। हर चैंबर्स में अलग अलग बीमारी से संबंधित मरीजों का चेकअप होगा। इस कैंप के पूर्व मंडला के विभिन्न विकास खंडों में कैंप आयोजित कर मरीजों की स्क्रीनिंग की गई है। कैंप के दौरान चयनित हुए मरीजों की निशुल्क सर्जरी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि मंडला जिला मुख्यालय के तीनों चिकित्सालय में ऑपरेशन किए जायेगे। स्त्री रोग से संबंधित ऑपरेशन कटरा हॉस्पिटल में होंगे। अस्थि रोग से संबंधित ऑपरेशन व प्लास्टिक सर्जरी योगीराज हॉस्पिटल में होगी और जिला चिकित्सालय में अन्य जनरल सर्जरी होंगी, जिनमें विभिन्न स्थानों के ऑपरेशन शामिल है। 7 दिन तक चलने वाले इस मेडिकल कैम्प के लिए कैंप के लिए रोटरी क्लब मंडला में कल इनरव्हील के सदस्य जिला प्रशासन के साथ मिलकर लगातार कार्य कर रहे हैं। कैंप के दौरान मरीजों को सही उपचार मिल सके इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। कैंप के मद्देनजर मध्यप्रदेश शासन द्वारा विभिन्न हाइटेक मेडिकल इक्विपमेंट्स उपलब्ध कराए गए हैं। इसी कैंप की वजह से जिला चिकित्सालय के ऑपरेशन थिएटर को इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के बनाए गए हैं। इसके अलावा तीसरी मंजिल में एक नवीन ऑपरेशन थिएटर का भी निर्माण किया गया है कैंप के दौरान होने वाली सभी सर्जरी के बाद मरीजों का फॉलो अप भी होगा। कैंप के दौरान जिन भी मरीजों का चयन किया जायेगा उनके उपचार का पूरा प्रबंध रोटरी क्लब द्वारा कराया जाएगा। प्रतिदिन 4 वाहन केवल इस काम के लिए आरक्षित किए गए हैं कि जिन चयनित मरीजों की सर्जरी मंडला में संभव नहीं है, उन्हें सर्जरी के लिए जबलपुर और भोपाल पहुंचाया जाएगा। कैंप के दौरान चयनित मरीजों का उपचार भी देश के विभिन्न अस्पतालों में निशुल्क कराया जाएगा। कैंप के दौरान होने वाली विभिन्न सर्जरी के मरीजों व उनके एक अटेंडेंट का दोनों वक्त के खाने नाश्ते का इंतजाम भी किया गया है। इस कैंप को सफल बनाने के लिए रोटरी क्लब के सदस्य लगातार परिश्रम कर रहे हैं। पत्रकारवार्ता के पश्चात सभी पत्रकारों को रोटरी द्वारा खेल मैदान में बने पंडाल का करा भ्रमण करा कर व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान रोटेरियन उपेंद्र शुक्ला, नरेंद्र सिहारे, संतोष तिवारी उपस्थित थे।