घर - घर जाकर सर्वे करें शिक्षक, शतप्रतिशत बच्चों को स्कूल तक लाना हमारा लक्ष्य - डॉ. जगदीश चंद्र जटिया
कलेक्टर ने की ’’स्कूल चलें हम’’ कार्यक्रम की समीक्षा
Syed Javed Ali
मण्डला - आगामी शिक्षण सत्र प्रारंभ होने से पहले सभी शिक्षक घर-घर जाकर सर्वे करें। सर्वे में शिक्षक ऐसे बच्चों को चिन्हित करें जो अब तक शिक्षा से वंचित हैं। ड्रापआऊट बच्चों को पुनः स्कूल तक लाना होगा। पलायन करने वाले बच्चों के माता-पिता से बात कर उन्हें विद्यालय आने प्रोत्साहित किया जाये। शतप्रतिशत बच्चों का शालेय प्रवेश हमारा लक्ष्य होना चाहिए। उक्त निर्देश कलेक्टर डॉ. जगदीश चंद्र जटिया ने योजना भवन में आयोजित सर्वशिक्षा अभियान के अंतर्गत ’’स्कूल चलें हम’’ कार्यक्रम की समीक्षा में दिये। उन्होंने कहा कि शिक्षण सत्र के प्रारंभ में प्रवेश उत्सव मनाने का इंतजाम सुनिश्चित किया जाये। शिक्षण सत्र प्रारंभ होने के साथ ही सर्वशिक्षा अभियान के तहत् संपन्न होने वाली विभिन्न गतिविधियों को समयानुसार आयोजित करना सुनिश्चित करें।
गणवेश, पाठ्यपुस्तक एवं साईकिल वितरण समय पर करें -
डॉ. जटिया ने कहा कि शिक्षण सत्र प्रारंभ होने के साथ ही गणवेश वितरण, पाठ्य पुस्तक तथा साईकिल वितरण की प्रक्रिया समय पर सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निःशुल्क गणवेश वितरण का कार्य गुणवत्तापूर्णं ढंग से किया जाये। कलेक्टर ने किताबों की उपलब्धता पर भी चर्चा की एवं निर्देश दिये कि पाठ्यपुस्तक की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित हो। उन्होंने विगत् वर्ष साईकिल वितरण कार्यक्रम पर संतुष्टि जाहिर की एवं सभी को बधाई दी। कलेक्टर ने शिक्षा के अधिकार अधिनियम से संबंधित आवेदन एवं प्रवेश प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने हर स्कूल में टीव्ही उपलब्ध कराने पर भी बात की। डॉ. जटिया ने कमीश्नर द्वारा जिले के भ्रमण कार्यक्रम में दिये गये शिक्षा संबंधी निर्देशों के पालन सुनिश्चित करने की बात कही।
विद्यालय की स्वच्छता में सहभागी बनें शिक्षक -
बैठक में कलेक्टर डॉ. जटिया ने शिक्षण सत्र प्रारंभ होने के साथ ही विद्यालय की स्वच्छता पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक विद्यालय की स्वच्छता में सकारात्मक रूप से सहभागी बनें। कलेक्टर ने शौचालय, किचन तथा परिसर को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी शिक्षकों को विद्यालय को स्वच्छ बनाकर दूसरों के सामने उदाहरण बनने के लिए प्रेरित भी किया। बैठक में जिला परियोजना समन्वयक योगेश शर्मा ने पावरप्वाईंट प्रेजेंन्टेशन के माध्यम से आधारभूत संरचनाओं, प्रवेश एवं अन्य महत्वपूर्णं बिन्दुओं पर जानकारी दी। इस अवसर पर सर्वशिक्षा अभियान के सभी शिक्षक उपस्थित थे।