कलेक्टर ने की मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा
हेलीपेड सहित तीनों अस्पतालों का किया दौरा
Syed Javed Ali
मण्डला - जिले में 7 से 14 नवम्बर के बीच विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर राहत-2 का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में जिले तथा आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में मरीजों की पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ का 9 दिसम्बर को राहत-2 शिविर में शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी तारतम्य में कलेक्टर डॉ. जगदीश चंद्र जटिया ने मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ के प्रस्तावित मंडला दौरे की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संगम घाट स्थित हेलीपेड पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत् श्री कमलनाथ राहत शिविर का जायजा लेंगे तथा स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। डॉ. जटिया ने हेलीपेड की सुरक्षा, निर्धारित मार्ग तथा अन्य तैयारियों के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ के प्रस्तावित दौरे की सभी तैयारियाँ जल्द पूरी किया जाये। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, पुलिस अधीक्षक आरआरएस परिहार, एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा, जनप्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के मद्देनजर मुख्यालय के स्टेडियम ग्राऊंड, जिला चिकित्सालय, योगीराज तथा कटरा अस्पतालों का दौरा किया। उन्होंने तीनों चिकित्सालयों के डॉक्टरों से सीएम दौरे के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि तीनों ही अस्पतालों में तैयारियाँ पूरी कर ली जाये। 7 नवम्बर से प्रारंभ होने वाले शिविर में मरीजों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाये। डॉ. जटिया ने स्टेडियम ग्राऊंड में मुख्यमंत्री के आगमन की सभी जरूरी तैयारियों के लिए आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक आरआरएस परिहार ने मुख्यमंत्री के लिए निर्धारित मार्गों पर यातायात नियंत्रण, दौरा स्थलों की सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं पर संबंधितों को निर्देश दिए।