पुलवामा में तैनात फौजी और उसका परिवार घर में सुरक्षित नहीं

पुलवामा में तैनात फौजी और उसका परिवार घर में सुरक्षित नहीं
ग्वालियर, ग्वालियर का एक फौजी देश की सुरक्षा में पुलवामा में तैनात है. वहां वो जान की बाज़ी लगाकर पाकिस्तान के खिलाफ मोर्चाबंदी किए हुए है. फौजी का परिवार ग्वालियर में अपने ही पड़ौसी और रिश्तेदारों से परेशान है. अब फौजी ने अपनी परेशानी सोशल मीडिया पर शेयर की है. ग्वालियर के किलागेट इलाके में एक फौजी कुलदीप शर्मा का परिवार रहता है. कुलदीप इन दिनों पुलवामा में तैनात है, जहां हाल ही में आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवानों की शहादत हुई. कुलदीप की पत्नी जयमाला और परिवार ग्वालियर में ही रहता है, जो खुद को अपने पड़ौसियों से असुरक्षित महसूस कर रहा है. फौजी परिवार का आरोप है कि उनके रिश्तेदार मनीराम शर्मा और अन्य लोगों से उनका संपति और ट्रस्ट को लेकर कुछ विवाद हुआ था. परिवार का आरोप है कि उसके बाद उन लोगों ने फौजी कुलदीप पर हमला कर उसके पहचान पत्र और दस्तावेज छीनने की कोशिश की थी. इसकी शिकायत पुलिस में की गई थी. करीब पांच महीने पहले कुलदीप की पत्नि ने किलागेट थाने में शिकायत की लेकिन कुछ नहीं हुआ. उसके बाद करीब दो महीने पहले कुलदीप जब ग्वालियर आए तब उन्होंने भी पुलिस से शिकायत की थी. लेकिन पुलिस ने एक्शन नहीं लिया. पुलवामा अटैक के बाद कुलदीप ने कश्मीर से सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी पोस्ट की और ग्वालियर प्रशासन से परिवार के लिए मदद मांगी. सोशल मीडिया पर आने के बाद अब पुलिस हरक़त में आयी है.