अंबिकापुर में तापमान 5 डिग्री पहुंचा, हवाओं की दिशा बदलने से चढ़ेगा पारा

अंबिकापुर में तापमान 5 डिग्री पहुंचा, हवाओं की दिशा बदलने से चढ़ेगा पारा

रायपुर
 प्रदेश में शनिवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। रायपुर से लेकर अंबिकापुर, बस्तर का तापमान सबसे कम रिकॉर्ड किया गया। रायपुर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अंबिकापुर में 5.4 डिग्री रहा। दुर्ग का तापमान नौ डिग्री के अंदर रहा। बीता पूरा हफ्ता राज्य के लिए कड़ाके की ठंड भरा रहा। हालांकि अब ठंड पसंद न करने वालों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि तापमान अब घटेगा नहीं, बल्कि चढ़ेगा। यह इसलिए है क्योंकि उत्तर भारत से मध्य भारत की तरफ आने वाली सर्द हवा की दिशा बदल रही है। आने वाले 24 घंटे में रायपुर का न्यूनतम तापमान दो डिग्री चढ़ेगा, जो शुक्रवार की तुलना में शनिवार को 1.3 डिग्री गिरा।

मौसम वैज्ञानी एचपी चंद्रा के मुताबिक ठंड अब घटेगी जरूर, लेकिन जनवरी के पहले हफ्ते में तापमान हमेशा की तरह इस बार भी न्यूनतम स्तर पर पहुंचेगा। उत्तर से आने वाली सर्द हवा और सर्द होगी। समूचे उत्तर भारत में जनवरी में अच्छी खासी बर्फबारी होगी। छत्तीसगढ़ भारत के मध्य में स्थित है। यहां ठंड उत्तर में होने वाली बर्फबारी और बरसात दक्षिण बंगाल की खाड़ी में उठने वाले सिस्टम पर निर्भर करती है।


स्थान : न्यूनतम

रायपुर - 11.0

बिलासपुर- 08.6

पेंड्रारोड - 06.4

अंबिकापुर- 05.4

जगदलपुर- 12.0

दुर्ग- 08.8

राजनांदगांव- 10.8

पूर्वानुमान- उत्तर भारत में एक-दो स्थानों पर ही शीत लहर चलने की संभावना है। प्रदेश का मौसम साफ रहेगा। हालांकि 26-27-28 दिसंबर को प्रदेश के उत्तरी भाग में बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश हो सकती।