अमानक पाए गए रासायनिक उर्वरकों के बचत स्कंध के विक्रय पर लगा प्रतिबंध
रायपुर। अमानक उर्वरक कंपनियों के विरूद्ध की गई कार्यवाही का मामला विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने उठाते हुए सवाल किया कि विभिन्न कंपनियों के कितने उर्वरकों का सैंपल लिया गया है? कितने उर्वरकों के सैंपल मानक एवं अमानक श्रेणी के पाए गए? जवाब में कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा विभिन्न कंपनियों के द्वारा आपूर्ति किए गए रासायनिक उर्वरकों का वर्ष 2018-19 2870 एवं 2019-20 में 3379 उर्वरक नमूना विश्लेषण हेतु प्रयोगशाला को प्रेषित किया गया। वर्ष 2018-19 में 2610 नमूना मानक एवं 185 नमूना अमानक श्रेणी के पाए गए एवं वर्ष 2019-20 में 3034 नमूना मानक एवं 202 नमूना अमानक श्रेणी के पाए गए हैं।
श्री अग्रवाल ने सवाल किया कि कितने अमानक कपंनियों के विरुद्ध कार्यवाही की गई व अमानक उर्वरकों के विरुद्ध कितने उर्वरक कंपनियों से कृषकों को मुआवजा-क्षतिपूर्ति दिलाई गई है? जवाब में कृषि मंत्री ने बताया कि अमानक पाए गए रासायनिक उर्वरकों के बचत स्कंध पर जिला अधिसूचित प्राधिकारी द्वारा विक्रय प्रतिबंधित किया गया है। जिला रायपुर अंतर्गत सूक्ष्म तत्व उर्वरक मिश्रण के एक अमानक पाए गए नमूना पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अमानक पाए गए उर्वरकों के विरुद्ध कृषकों को मुआवजा - क्षतिपूर्ति का प्रावधान नहीं हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 
