इंदौर में आइडीए करेगा रीगल तिराहे पर नए ब्रिज का निर्माण करेगा

इंदौर
इंदौर शहर के एमजी रोड पर यातायात के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए एक और फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार हुई है। आजादी के बाद इस मार्ग पर यह दूसरा बड़ा फ्लाईओवर बनने जा रहा है। इससे पहले रीगल तिराहे पर शास्त्री ब्रिज का निर्माण हुआ था, जो अभी भी काफी मजबूत है। नए ब्रिज का निर्माण आइडीए करेगा। करीब एक किलोमीटर लंबा यह फ्लाईओवर फोरलेन होगा। इसके लिए आइडीए फिजिबिलिटी सर्वे करवा रहा है। रीगल तिराहे पर दिनभर यातायात का भारी दबाव रहता है। कई बार यहां जाम की स्थिति भी बन जाती है। यहां लंबे समय से दूसरे फ्लाईओवर की जरूरत महसूस हो रही है। यहां जो फ्लाईओवर प्रस्तावित है, वह घुमावदार रहेगा। महापौर सचिवालय रोड के समीप से ब्रिज की शुरुआत होगी। इसकी दूसरी भुजा आरएनटी मार्ग के नालंदा परिसर तक बनेगी। ब्रिज के नीचे की लेन में भी ट्रैफिक चलता रहेगा।
पिछले दिनों मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रिंग रोड पर तीन स्थानों पर फ्लाईओवर निर्माण की घोषणा की थी। इस पर आइडीए ने काम शुरू कर दिया है। रेडिसन चौराहा, एमआर-9 चौराहा, आइटी पार्क सर्कल के अलावा भंवरकुआं चौराहे पर भी ब्रिज बनाया जाएगा। इन ब्रिजों के लिए आइडीए बोर्ड भी मंजूरी दे चुका है।