इस्लामिक बैंक फ्रॉड: भारत लौटा मास्टरमाइंड मंसूर खान, शिकंजे में लेकर पूछताछ कर रही है ईडी

इस्लामिक बैंक फ्रॉड: भारत लौटा मास्टरमाइंड मंसूर खान, शिकंजे में लेकर पूछताछ कर रही है ईडी

नई दिल्ली
आई मॉनिटरी अडवाइजर (आईएमए) पोंजी घोटाले का मुख्य सरगना मंसूर खान दुबई से दिल्ली लाया जा चुका है। फिलहाल वह ईडी की हिरासत में है। बता दें कि मंसूर खान पर ईडी के साथ-साथ एसआईटी ने भी लुक आउट सर्कुलर जारी किया था। मंसूर खान से दिल्ली में पूछताछ की जा रही है।

मंसूर खान की हिरासत से पहले स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) चीफ रविकांत गौड़ा ने कहा, 'अपने सूत्रों के माध्यम से एक एसआईटी टीम ने आईएमए के संस्थापक-मालिक मोहम्मद मंसूर खान का दुबई में पता लगाया। इसके साथ ही उससे यह भी कहा गया है कि वह भारत लौट आए और खुद को कानून के हवाले कर दे। उसके मुताबिक, वह दुबई से दिल्ली आ चुका है। एसआईटी के कई अधिकारी उसे गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली में मौजूद हैं।'

गिरफ्तार किया गया आईएमए फाउंडर मंसूर खान

एसआईटी चीफ ने यह भी कहा, 'जैसा कि उसके खिलाफ स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दोनों के ही द्वारा लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था, उसे पूरी प्रक्रिया के साथ सौंप दिया जाएगा।' हालांकि, अब मंसूर खान को ईडी ने अपनी हिरासत में ले लिया है। बता दें कि 8 जून को मंसूर देश छोड़कर चला गया था। खान के खिलाफ निवेशकों ने हजारों शिकायतें की हैं और उनका दावा है कि मंसूर ने उन्हें ठगा है। उन्हें हाई रिटर्न का वादा किया गया था लेकिन उनका पैसा डूब गया। गौरतलब कि भारत से भागने से पहले भी खान ने एक ऑडियो संदेश जारी किया था, जिसमें उसने खुदकुशी की धमकी दी थी।