उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारी जोरो पर, विश्व आदिवासी दिवस पर झाबुआ दौरा करेंगे CM कमलनाथ

भोपाल
झाबुआ उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है। डेढ़ महीने के भीतर मुख्यमंत्री कमलनाथ का यहां पर दूसरा दौरा होने जा रहा है। इस बार के दौरे पर उनका फोकस पूरी तरह से अदिवासियों को लेकर होगा। आदिवासी बाहुल्य सीट पर मुख्यमंत्री सहित इस वर्ग से आने वाले सभी मंत्री यहां पर बड़ा आयोजन करने वाले है।
विश्व आदिवासी दिवस, 9 अगस्त को प्रदेश का मुख्य कार्यक्रम झाबुआ में होगा। मुख्यमंत्री के साथ ही यहां पर आदिवासी वर्ग के मंत्री बाल बच्चन, उमंग सिंघार, ओमकार सिंह मरकाम, सुरेंद्र सिंह बघेल हनी भी शामिल होंगे। इनके अलावा भी कुछ अन्य मंत्री भी यहां पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां पर आदिवासियों के लिए कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं। दरअसल झाबुआ से विधायक रहे जीएस डामोर अब लोकसभा में चले गए हैं। उन्होंने झाबुआ विधानसभा से इस्तीफ दे दिया है।
इस आयोजन में सरकार के साथ ही कांग्रेस के कई बड़े नेता भी शामिल हो सकते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी यहां पर पहुंच सकते हैं। वहीं झाबुआ विधानसभा से दावेदारी एवं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, प्रदेश कांग्रेस आदिवासी विभाग के अध्यक्ष अजय शाह भी इस आयोजन में शामिल होंगे।
उपचुनाव की आहट के बीच मुख्यमंत्री का झाबुआ में यह दूसरा दौरा है। इससे पहले वे 24 जून को यहां पर पहुंचे थे। तब उन्होंने करीब 500 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया था। जय किसान कर्जमाफी के प्रमाण पत्र भी वितरित किए थे। सीएम ने करीब 140 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया था। वहीं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को चेक भी वितरित किए थे।