एक हार के डर से एक मार के डर से व्हीलचेयर पर-गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा

विष्णुपुर
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने अपने नेताओं की पूरी फौज को चुनाव प्रचार के लिए उतार दिया है। इसमें अलग-अलग राज्यों के फायरब्रांड मुख्यमंत्रियों के साथ पार्टी के विश्वसनीय नेता भी शामिल हैं। इनमें एक नाम मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का भी है, जिन्हें उनके बेबाक बयानों के लिए जाना जाता है। अब उन्होंने बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और पंजाब से यूपी की बांदा जेल लाए गए गैंगस्टर मुख्तार अंसारी के बीच तुलना कर दी है। इसे लेकर सियासी गलियारों में हलचल पैदा हो गई।
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री और सीएम शिवराज सिंह चौहान के बाद पार्टी में नंबर दो की हैसियत रखने वाले नरोत्तम मिश्रा ने बंगाल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “आजकल दो व्हीलचेयर बहुत मशहूर हैं। एक आज उत्तर प्रदेश के बांदा पहुंची है पंजाब से चलकर। एक व्हीलचेयर यहां की है। एक हार के डर से व्हीलचेयर पर है, एक मार के डर से व्हीलचेयर पर है। बड़ी विचित्र स्थिति में व्हीलचेयर है इस वक्त।
पहले भी ममता बनर्जी पर निशाना साध चुके हैं मिश्रा ये पहली बार नहीं है, जब नरोत्तम मिश्रा ने बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के व्हीलचेयर से प्रचार करने पर तंज कसा हो। हाल ही में उन्होंने कहा था कि मैं हैरान हूं सदी के ऐसे हमले पर जिसमें हमलावर दिखाई नहीं देता है। उन्होंने कहा था कि मैं हैरान हूं सीसीटीवी के फेल होने पर, सिक्योरिटी के फेल होने पर, जेड सुरक्षा के फेल होने पर, मोबाइल के फेल होने पर। मैं बचपन में जब सुना करता था जब छोटा था कि बंगाल में जादू होता है अब पता चला कि क्यों होता है।
इससे पहले राज्य के विष्णुपुर में सभा के दौरान कहा था कि अमित शाह जी जब धारा 370 हटाते हैं, तो ममता दीदी सवाल उठाती हैं। वे सीएए पर सवाल उठाती हैं। ईवीएम पर सवाल उठाती हैं। कोरोना की वैक्सीन पर सवाल उठाती हैं। जेएनयू में नारे लगते हैं तो ममता दीदी उसका समर्थन करती हैं। तुम कितने अफजल मारोगे वाले नारों का दीदी समर्थन करती हैं और भाजपा कहती है कि हम घर में घुस कर मारेंगे, जिस घर से अफजल निकलेगा। यह भाजपा की सोच है और एक उनकी सोच है। इतना ही नहीं ममता बनर्जी द्वारा गोत्र का जिक्र करने पर सवाल उठाते हुए मिश्रा ने पिछले हफ्ते कहा था कि कुछ लोगों को गोत्र और गंगा जी चुनाव के समय याद आती हैं।