गिरफ्तार हो सकती हैं करण ओबेरॉय पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला
टीवी ऐक्टर करण ओबेरॉय पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला के वकील ने कोर्ट को बताया था कि उन्होंने खुद ही अपने ऊपर 25 मई को अटैक करवाया था। अब इस मामले के खुलने के एक दिन बाद पुलिस ने कहा है कि इस मामले की चार्जशीट में महिला का नाम भी शामिल किया जाएगा। पुलिस ने यह भी कहा है कि चार्जशीट कोर्ट में फाइल होने के बाद महिला को अरेस्ट भी किया जा सकता है।
नाम न छापने की शर्त पर एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमले के मामले में महिला का नाम एफआईआर में आरोपी के तौर पर शामिल किया जाएगा। उनके ऊपर साजिश करने के लिए आईपीसी की धारा 182 और 203 के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस इस मामले में 34 वर्षीया महिला को अपने बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भी दे सकती है।
इससे पहले बता दें कि महिला के वकील अली काशिफ खान ने सोमवार को पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था। हमले में शामिल अल्तमश अंसारी वकील खान का कजन है और चारों हमलावरों के गिरफ्तार होने के बाद से खान फरार चल रहे थे।
अल्तमश ने पुलिस को बताया था कि उसके कजन वकील खान ने ही उसे महिला से मिलवाया था और उसके बाद 24 मई को हमले से एक दिन पहले ही अंधेरी के एक फ्लैट में हमले की साजिश रची गई थी। हालांकि रेप का आरोप लगाने वाली महिला ने अपने ही वकील खान और हमले के आरोपी अल्तमश के आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
bhavtarini.com@gmail.com 