घर में दीवार तोड़कर जा घुसी पुलिस पेट्रोलिंग की बेकाबू बस
रायपुर
राजधानी के सबसे पॉश इलाके सिविल लाइन में एक हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ पुलिस की पेट्रोलिंग बस रविवार सुबह एक वरिष्ठ अफसर के बंगले की दीवार तोड़कर अंदर जा घुसी। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लेकिन इस हादसे में बंगले की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे पर डीजी डीएम अवस्थी ने अफसरों को जमकर लताड़ लगाई।
दरअसल, छत्तीसगढ़ पुलिस की पेट्रोलिंग बस रविवार सुबह पुलिस लाइन जा रही थी, तभी बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सिविल लाइन स्थित वित्त विभाग के डिप्टी डायरेक्टर गिरीश काले के बंगले की दीवार से जा टकराई। बस की टक्कर से बंगले की बाहरी दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हालांकि बस की दीवार से टक्कर के दौरान वहां कोई मौजूद नहीं था, इस वजह से किसी प्रकार जनहानि नहीं हुई। टक्कर के बाद जोर से आवाज आने पर बंगले के आसपास तैनात सभी सुरक्षाकर्मी तुरंत पहुंचे तो देखा बस की जोरदार टक्कर से दीवार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही डीजी डीएम अवस्थी भी मौके पर पहुंच गए। डीजी अवस्थी ने इस हादसे के लिए अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा, लगातार हो रहे बस हादसों से बस ड्राइवरों की जांच पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने अफसरों को आगे इस तरह की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। दरअसल, वित्त विभाग के डिप्टी डायरेक्टर गिरीश काले के पड़ोस में ही छत्तीसगढ़ पुलिस के डीजी डीएम अवस्थी का बंगला है।
bhavtarini.com@gmail.com 
