चाकू मारकर युवक की हत्या, तिघरा के पास झाड़ियों में मिला शव

ग्वालियर
तिघरा थाना क्षेत्र की तालपुरा की झाड़ियों से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है। युवक के शरीर पर चाकू के निशान है जिससे साफ़ पता चलता है कि किसी ने उसकी हत्या की है।

पुलिस के मुताबिक स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खून से। लथपथ युवक के पड़े होने की सूचना दी। तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो युवक की साँसे थम चुकी थी। तलाशी लेने पर पुलिस को युवक का मोबाइल उसकी जेब से मिला जिसके आधार पर उसकी पहचान सुरेश सोनी निवासी ऊदा जी की पायगा जनकगंज के रूप में हुई। पुलिस को शव के पास से देशी शराब के तीन भरे हुए क्वार्टर मिले हैं । पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को जांच में पता चला कि सुरेश सोनी के साथ लाल काली  डिस्कवर पर एक और युवक था। दोनों ने तिघरा में कलारी से शराब खरीदी। और बहुत देर तक वहीँ खड़े होकर बात करते रहे बाद में चले गए। पुलिस को आशंका है कि सुरेश के साथ आये युवक ने ही उसकी हत्या की है। लोगों द्वारा बताये गए हुलिए के आधार पर पुलिस युवक की तलाश कर रही है।

पुलिस जांच में पता चला कि सुरेश की पत्नी शांति सोनी जयारोग्य अस्पताल के नर्स है लेकिन सुरेश की शराब पिने। की लत की वजह से वो पिछले डेढ़ साल से उससे अलग रह रही है।