'जो न बोले जय श्री राम' सिंगर वरुण ने कहा- राम मेरे खून में हैं...अब डर लग रहा है

'जो न बोले जय श्री राम' सिंगर वरुण ने कहा- राम मेरे खून में हैं...अब डर लग रहा है

 नई दिल्ली 
'जो न बोले जय श्री राम, भेज दो उसको कब्रिस्तान' इस विवादित गाने से सोशल मीडिया पर तूफान लाने वाले सिंगर वरुण बहार ने कहा है कि राम उनके खून में हैं. वह मरते दम तक जय श्रीराम बोलते रहेंगे. मगर उन्हें अंदाजा नहीं था कि गाने के इस कदर वायरल होने से मामला तूल पकड़ लेगा और उन्हें देश-विदेश से धमकियां मिलने लगेंगी. इस कारण उन्हें वीडियो में दर्ज अपने दोनों मोबाइल नंबर पिछले तीन दिनों से बंद करने पड़े हैं.

वरुण ने कहा कि वह मुसीबत में हैं. उन्हें बहुत डर लग रहा है. उन्हें पछतावा है. वह मानते हैं कि उन्हें इस तरह भड़काऊ गीत गाकर विवाद नहीं खड़ा करना चाहिए. गाने पर विवाद मचने के बाद जारी किए एक वीडियो में वरुण और गीत लिखने वाले संतोष यादव ने बजरंग दल और हिंदू युवावाहिनी से मदद की अपील की है.

वरुण बहार पहले भी ऐसे कई वायरल गाने गा चुके हैं. पुलवामा में हुए आतंकी हमले पर  '44 के बदले 444' और DJ बजाओ मोदी योगी की सरकार है- जैसे कई गीतों को यूट्यूब पर काफी व्यूज मिले. वरुण का कहना है कि इससे उत्साहित होकर उन्होंने कब्रिस्तान वाला गीत गाने का फैसला किया. Aajtak.in से फोन पर बातचीत के दौरान वरुण ने खुद को यूपी के गोंडा जिले का निवासी बताया. उन्होंने कहा कि वह लखनऊ के भातखंडे विश्वविद्यालय से संगीत में विशारद की शिक्षा ले चुके हैं. वह पिछले 12 वर्षों से गाना गाकर पत्नी, दो बेटियों सहित परिवार का पेट पालते हैं. वरुण बहार ने खुद को गरीब घर का बताते हुए लोगों से कहा कि प्लीज उन्हें अब बख्श दें.