टीम इंडिया 400 रन के करीब, रोहित-ऋषभ ने संभाला मोर्चा

नई दिल्ली
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न में खेले जा रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट का आज दूसरा दिन है। भारतीय टीम ने दूसरे दिन 156 ओवर में 5 विकेट पर 384 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा (58) और ऋषभ पंत (9) क्रीज पर हैं। आज विराट कोहली (82), शतकवीर चेतेश्वर पुजारा (106) और अजिंक्य रहाणे (34) के विकेट गिरे। इससे पहले भारतीय टीम ने पहले दिन के स्कोर 89 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 215 रन से आगे खेलना शुरू किया।
भारत ने सुबह दो विकेट पर 215 रन से आगे खेलना शुरू किया। कोहली ने दिन के पहले ओवर में ही 110 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। पहले घंटे में दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाए, लेकिन इसके बाद ऑस्ट्रेलिया रन प्रवाह पर अंकुश लगाने में सफल रहा। पैट कमिंस ने फिर से शानदार स्पैल किया। उन्होंने पिच से पूरा फायदा उठाने की कोशिश की। उन्होंने दोनों भारतीय बल्लेबाजों को परेशानी में रखा।
नाथन लियोन ने लेग साइड पर क्षेत्ररक्षण सजाकर गेंदबाजी की। पुजारा के साथ उनका द्वंद्व देखने लायक था। भारतीय बल्लेबाज ने उन पर कुछ खूबसूरत शॉट लगाए। दूसरी तरफ कल 47 रन के निजी योग पर जीवनदान पाने वाले कोहली को गेंदबाजों ने लगातार परेशानी में रखा। सुबह के सत्र में 28 ओवर में केवल 62 रन बने। पुजारा ने लंच से ठीक पहले 280 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया।
दिन का पहला विकेट कप्तान विराट कोहली के रूप गिरा। उन्हें मिशेल स्टार्क ने आरोन फिच के हाथों कैच कराया। विराट 204 गेंदों में 9 चौके की मदद से 82 रन बनाकर आउट हुए। इसके कुछ ही देर बाद पैट कमिंस की एक नीची रहती गेंद पर चेतेश्वर पुजारा बोल्ड हो गए। उनकी मैराथन पारी 106 रनों पर खत्म हुई। इसके लिए उन्होंने 319 गेंदों का सामना किया, जबकि 10 चौके लगाए। विराट और पुजारा के बीच तीसरे विकेट के लिए 170 रनों की पार्टनरशिप हुई।
टीमें-
भारत: विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, हनुमा विहारी, अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा, रोहित शर्मा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, इशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी।
ऑस्ट्रेलिया: टिम पेन (विकेटकीपर/कप्तान), आरोन फिंच, मार्कस हैरिस, उस्मान ख्वाजा, ट्रेविस हेड, मिशेल मार्श, शॉन मार्श, नाथन लॉयन, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिशेल स्टार्क।