पानी के झगड़े में परिवारवालों ने बहू को जिंदा जलाया, 90 फीसदी झुलसी महिला
बैतूल
मध्य प्रदेश के बैतूल में इस वर्ष फिर सूखे के हालात हैं, ऐसे में पानी की किल्लत बढ़ गई है. जिले के बड़ोरा गांव में पानी के लिए एक परिवार में इतना झगड़ा हुआ कि पूरे परिवार ने मिलकर अपनी बहू को ज़िंदा जला दिया. इस घटना में पीड़ित महिला 90 फीसदी तक झुलस गई है. उसे गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है. महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने उसके सास-सुसर सहित 6 लोगों के खिलाफ नामज़द रिपोर्ट दर्ज की है. यह सभी आरोपी फरार हैं.
हैंडपंप के लिए हुआ झगड़ा
मिली जानकारी के मुताबिक बडोरा गांव में रहने वाले साहू परिवार में कई दिनों से झगड़ा चल रहा था. परिवार में जमीन का बंटवारा हो गया था. परिवार के बेटे राजेश के हिस्से में जो जमीन आई थी उसमें सैप्टिक टैंक भी शामिल था, जबकि परिवार के हिस्से में जो जमीन गई उस पर हैंडपंप था. इस हैंडपंप से पानी लेने पर आए दिन परिवार में झगड़ा होता था. परिवार के लोग राजेश और उसकी पत्नी को पानी नहीं भरने देते थे. गुरुवार सुबह भी इसी बात पर राजेश के परिवारवालों ने उसकी पत्नी द्वारका से झगड़ा किया और उसे केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी.
6 लोगों पर केस दर्ज
द्वारका की चीख-पुकार सुनकर पति राजेश और उनकी बेटी दौड़ी. द्वारका आग की लपटों से घिरी थी और ससुरालवाले खड़े होकर उसे जलता देख रहे थे. जब तक पिता-पुत्री आग बुझाते द्वारका बुरी तरह झुलस चुकी थी. राजेश आनन-फानन में उसे लेकर बैतूल गया. वहां डॉक्टरों ने बुरी तरह से झुलसी द्वारका को भोपाल रेफर कर दिया.
पुलिस ने द्वारका के बयान के आधार पर आरोपी सास-ससुर, देवर-देवरानी और चचेरे ससुर सहित 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. द्वारका ने अपने बयान में रामवती साहू, नारायण साहू, भाग्या साहू, ललिता साहू और बाली साहू का नाम लिया है. उसने आरोप लगाया है कि इन सबने मिलकर उस पर मिट्टी का तेल छिड़क दिया और आग लगा दी.
bhavtarini.com@gmail.com 
