बिहार: मध्याह्न भोजन योजना में नौकरी देने के नाम पर की जा रही ठगी
पटना
बिहार में मध्याह्न भोजन योजना में नियुक्ति के लिए फर्जी वेबसाइट बनाकर बेरोजगारों से ठगी की जा रही है। प्रखंड समन्वयक के साथ कई पदों पर नियुक्ति को आवेदन लिये जा रहे हैं। हर दिन सैकड़ों अभ्यर्थी आवेदन भी कर रहे हैं। हर पद प्रखंड स्तर पर निकाला गया है। इससे ग्रामीण इलाके के अभ्यर्थी बड़ी संख्या में आवेदन कर रहे हैं। जबकि मध्याह्न भोजन योजना समिति बिहार सरकार द्वारा किसी तरह की नियुक्ति के लिए आवेदन नहीं निकाला गया है। विभाग द्वारा अभ्यर्थी को सावधान रहने को कहा गया है। मध्याह्न भोजन योजना के निदेशक के आदेश पर पटना जिला शिक्षा कार्यालय ने पटना जिला मध्याह्न भोजन योजना के लिए पत्र जारी कर सभी अभ्यर्थी को सावधान रहने को कहा है। डीपीओ मध्याह्न भोजना योजना अजय कुमार सिंह ने बताया कि अब तक काफी संख्या में आवेदन आ चुके हैं। एक अभ्यर्थी के मेल करने पर फर्जी नियुक्ति का पता चला है।
एजेंसी पर प्राथमिकी दर्ज की कार्रवाई
एजेंसी एक्टिनोट इट कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। आवेदक से ऑफलाइन भी आवेदन लिये जा रहे हैं। इसके लिए एजेंसी की तरफ से हरनीचक, अनीसाबाद का पता भी दिया गया है। मध्याह्न भोजन योजना निदेशालय द्वारा तमाम जिला शिक्षा कार्यालय को प्राथमिकी दर्ज करने को कहा गया है। डीपीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित एजेंसी पर प्राथमिकी दर्ज करायी जाएगी।
bhavtarini.com@gmail.com 
