बैंक खुला तो बीमाकर्मी चले गए हड़ताल पर

बैंक खुला तो बीमाकर्मी चले गए हड़ताल पर

रायपुर
सरकारी सेक्टर के बैंकों में दो दिन का अवकाश और दो दिन की हड़ताल के बाद बुधवार को ताले खुले तो बीमा कर्मियों की हड़ताल शुरू हो गई। बैंकों के निजीकरण के विरोध में बुधवार को बीमा कर्मचारियों ने काम बंद कर प्रदर्शन किया। आॅल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाइज एसोसिएशन के संयुक्त सचिव धर्मराज महापात्र ने कहा कि समूचे देश के श्रमिक व किसान संगठन भी आम बीमा क्षेत्र के कर्मचारियों की हड़ताल के साथ देशभर में एकजुटता व्यक्त करेंगे।

बीमा कर्मियों की इस हड़ताल में ओरिएंटल, नेशनल, यूनाइटेड इंडिया, न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारियों ने सुबह 10 बजे पचपेड़ी नाका स्थित ओरिएंटल इंश्योरेंस के कार्यालय में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया।  10.30 बजे यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस के पंडरी में प्रदर्शन किया। नेशनल इंश्योरेंस के कर्मी भी हड़ताल कर इन प्रदर्शनों में शामिल होंगे। महापात्र ने कहा कि आम बीमा कंपनियों का देश के विकास में अमूल्य योगदान रहा है। आज केंद्र सरकार निजी मुनाफे के लिए इसे बर्बाद करने पर आमादा है। इसका जबरदस्त विरोध होगा। ओरिएंटल इंश्योरेंस के आंचलिक सचिव के पी वर्मा, यूनाइटेड इंडिया के पुरोहित, नेशनल इंश्योरेंस के कतलम ने हड़ताल की सफलता में सभी का सहयोग अपेक्षित बताया है।