भोपाल में स्कूली छात्र पर एसिड अटैक, कार में सवार थे हमलावर

भोपाल में एक स्कूली छात्र पर दिन दहाड़े एसिड अटैक किया गया. हमले में छात्र झुलस गया है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़ित बच्चा छटवीं का छात्र है. हमलावरों और हमले की वजह का अभी ख़ुलासा नहीं हो पाया है.

हमले की ये वारदात बैरागढ़ के खजूरी कला इलाके में हुई. पीड़ित छात्र खेलने जा रहा था. तभी उसके घर के बाहर एक कार आयी और उसमें सवार युवकों ने बच्चे पर एसिड फेंक दिया. इस हमले में छात्र का चेहरा, एक आंख और सीना बुरी तरह झुलस गया है.
बच्चे को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. उसकी हालत गंभीर है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बच्चे के परिवार से पूछताछ की जा रही है.

उधर दतिया में एसिड हमले की शिकार युवती की आज मौत हो गयी. 25 जून को दतिया में उस युवती पर राकेश सेन नाम के युवक ने तेज़ाब फेंक दिया था. गंभीर रूप से झुलसी युवती तब से ज़िला अस्पताल में भर्ती थी. इलाज के दौरान आज उसने दम तोड़ दिया. राकेश सेन को पुलिस ने तत्काल ही गिरफ़्तार कर लिया था. उस पर हत्या का केस चलेगा.