मंत्री ताम्रध्वज को मिला मूणत का सरकारी बंगला

मंत्री ताम्रध्वज को मिला मूणत का सरकारी बंगला

रायपुर
कांग्रेस सरकार के मंत्री ताम्रध्वज साहू अब पूर्व पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश मूणत के सरकारी बंगले में रहेंगे। मंत्रालयीन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार साहू का बंगला सीएम हाउस के करीब रहेगा। दूसरे मंत्री टीएस सिंहदेव भी अपने पुराने सरकारी बंगले को छोड़कर नए बंगले में शिफ्ट होना चाहते हैं। ऐसा बंगला चाह रहे हैं, जहां पर्याप्त जगह हो। वाहन पार्किंग की व्यवस्था हो।

एक-दो दिन में सिंहदेव को भी दूसरा बंगला गृह विभाग आवंटित कर देगा। अभी सिंहदेव न्यू शांतिनगर स्थित सी-5 बंगले में रहते हैं। नई सरकार के मंत्रियों के लिए भाजपा सरकार के मंत्रियों के बंगले खाली कराए जा चुके हैं। एक-दो बंगला ही खाली नहीं हो पाया है। वैसे अभी कांग्रेस सरकार को भी जल्दबाजी नहीं है, क्योंकि अभी तो केवल दो मंत्री ही बनाए जा सके हैं।

वहीं, सीएम हाउस अभी खाली नहीं हो पाया है, इसलिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल परिवार के साथ राज्य अतिथि गृह पहुना में रह रहे हैं। पहुना को ही अस्थायी सीएम हाउस बनाकर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर और पूर्व मंत्री राजेश मूणत के बंगले को अपनी पसंद बताई थी। इस कारण गृह विभाग ने डॉ. सिंह को मंत्री चंद्राकर का सरकारी बंगला आवंटित कर दिया है। यह बंगला सिविल लाइन में ही सीएम हाउस से लगभग दो सौ मीटर दूर है।