मयंक-रोहित के बाद स्पिनर्स का दांव, बैकफुट पर SA
विशाखापट्टनम
एसीए-वीसीए स्टेडियम में खेले जा रहे पहले मैच के दूसरे दिन गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका खराब स्थिति में पहुंच गई है। भारत के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल के दोहरे शतक और रोहित शर्मा की शतकीय पारी के बाद रविचंद्रन अश्विन-रविंद्र जडेजा की स्पिन जोड़ी ने उसे परेशानी में डाल दिया। भारत ने मयंक और रोहित की शानदार पारियों के दम पर अपनी पहली पारी सात विकेट के नुकसान पर 502 रनों पर घोषित की। अश्विन और जडेजा ने दक्षिण अफ्रीका को अच्छी शुरुआत नहीं करने दी और दिन का खेल खत्म होने तक उसके तीन विकेट महज 39 रनों पर ही चटका दिए। मेहमान टीम अभी भी भारत से 463 रन पीछे है। स्टम्प्स तक सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर 27 और उप-कप्तान टेम्बा बावुमा दो रन बनाकर खेल रहे हैं।
विशाल स्कोर के सामने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज दबाव में दिखे। 14 के कुल स्कोर पर अश्विन ने एडिन मार्करम (5) को बोल्ड कर मेजबान टीम को पहली सफलता दिलाई। थेयुनिस डे ब्रून ने चार रनों का योगदान दिया और 31 के कुल स्कोर पर अश्विन का दूसरा शिकार बने। तीन रन बाद जडेजा ने डीन पीएड्ट ने को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दक्षिण अफ्रीका को मुसीबत में डाल दिया। इससे पहले, दक्षिण अफ्रीका मयंक और रोहित से परेशान रही। मयंक का यह पहला टेस्ट शतक है और अपने पहले ही शतक को वे दोहरे में तब्दील करने में सफल रहे हैं। इसी के साथ वह पहले टेस्ट शतक को दोहरे में तब्दील करने वाले भारत के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले दिलीप सरदेसाई, करुण नायर और विनोद कांबली ऐसा कर चुके हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 