महिला जागरुकता: महिलाओं की मदद करने वाले हीरो होंगे सम्मानित

महिला जागरुकता: महिलाओं की मदद करने वाले हीरो होंगे सम्मानित

भोपाल
दुष्कर्म के मामलों में देश में नंबर वन का लंबे अरसे तक दंश झेलने वाले मध्य प्रदेश में महिला अपराधों पर कारगर रोक लगाने के लिए सरकार ने अब सम्मान अभियान शुरू किया है। पीड़ित महिलाओं को सहयोग करने वाले लोगों को असली हीरो मानकर सम्मानित किया जाएगा। इसकी शुरूआत आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने की। सरकार आज से 26 जनवरी तक प्रदेश की महिलाओं को जागरुक करने के लिए विशेष अभियान चलाने जा रही है। इस अभियान में महिलाओं की मदद करने वालों को असली हीरो का दर्ज देते हुए उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला अपराधों पर जीरो टॉरलेंस के साथ काम किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस 26 जनवरी तक चलने वाले इस 15 दिवसीय ‘सम्मान’ अभियान का मुख्य उद्देश्य महिला अपराध के उन्मूलन में समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिये समाज में सम्मानजनक एवं अनुकूल वातावरण तैयार करना है। साथ ही जनमानस को जागरूक कर सशक्त बनाना है, ताकि स्वयं महिलाएं ही नहीं बल्कि हम सब महिला सुरक्षा के प्रति अपने कर्त्तव्यों का निवर्हन कर सकें।  इस अभियान के तहत उन नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने महिला अपराध को रोकने अथवा घटित होने के उपरांत पीड़िता के समर्थन में कार्य किए हैं।

 अभियान का शुभंकर ‘गुड्डी’ होगा। जो न केवल अपनी सुरक्षा के लिये सजग है, बल्कि दूसरों को भी सचेत करती है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुभंकर का अनावरण किया । साथ ही अभियान की पोस्टर पुस्तिका का विमोचन एवं महिला सुरक्षा गान का प्रस्तुतिकरण किया गया।

कार्यक्रम में भारतीय ओलंपियन क्वालिफाइड निशानेबाज मनु भाकर और अभिनेता अक्षय कुमार वीडियो प्रजेंटेशन भी किया गया।  इस दौरान शौर्य दल की सदस्या, स्कूल कॉलेज के प्राचार्य, मेधावी विद्यार्थी, एनएसएस, एनसीसी के बच्चे एवं अशासकीय संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।

इस अभियान में महिलाओं को साइबर अपराध से सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के कार्य भी किए जाएंगे। निबंध, चित्रकला, वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन होगा। वेबिनार, दूरदर्शन, एफएम एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से भी सायबर अपराध से सुरक्षा के लिये जागरूक किया जायेगा। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को हर ग्राम सभा में महिला सुरक्षा गान होगा।