मां ने बालों में ज्यादा तेल लगाया, 13 साल की बेटी ने की आत्महत्या

ठाणे 
महाराष्ट्र के ठाणे में 13 साल की बच्ची ने मां ने नाराज होकर आत्महत्या कर ली। वह सिर्फ इस बात से गुस्सा हो गई थी कि मां ने उसके सिर पर ज्यादा तेल लगा दिया था। वह तनाव में आ गई और बिल्डिंग की छत से कूद गई। 

यह घटना बालकुम के भागीरथ टावर की है। यहां बुधवार सुबह 13 साल की विजया भोयर स्कूल के लिए तैयार हो रही थी। उसकी मां ने उसके सूखे बाल देखकर तेल लगाने को कहा। पहले वह राजी नहीं हुई। मां ने कहा कि वह उसे थोड़ा तेल लगाएंगी ताकि उसके बाल सही हो सकें। 

सीधे छत से छलागं लगा दी 
मां ने विजया के सिर पर तेल लगाया लेकिन वह ज्यादा हो गया। इस बात को लेकर विजया नाराज हो गई। मां ने उसे डांट दिया। इधर मां को इस बात का कतई अंदाजा नहीं था कि विजया इतनी छोटी सी बात पर कोई बड़ा कदम उठा लेगी। वह अपने काम पर लग गईं। 


इधर विजया स्कूल जाने की जगह सीधे टावर के टॉप फ्लोर पर गई और वहां से नीचे छलांग लगा दी। उसे नीचे गिरता देख लोग दौड़े। उसकी मां को सूचना दी गई। विजया की मौके पर ही मौत हो गई थी। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कपूरबावडी थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।