राफेल: नवजोत सिंह सिद्धू बोले- चौकीदार का कुत्ता भी चोर से मिल गया है

राफेल: नवजोत सिंह सिद्धू बोले- चौकीदार का कुत्ता भी चोर से मिल गया है

नई दिल्ली            
कांग्रेस के स्टार प्रचारक और पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर विवादों में हैं. राजस्थान के अलवर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सिद्धू ने राफेल विमान का मुद्दा उठाया और पूछा कि 500 करोड़ का प्लेन 1600 करोड़ में? 1100 करोड़ किसकी जेब में डाला, अंदर की बात किसके लिए थी? चौकीदार का कुत्ता भी चोर से मिल गया है.

 
सिद्धू के इस विवादित बयान का कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने बचाव किया है. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संवाद के स्तर को पीएम मोदी ने गिराया है. पीएम को सोचना पड़ेगा कि आप कैसा संवाद चाहते हैं.

पाकिस्तान यात्रा से शुरू हुआ विवाद

बता दें, इससे पहले नवजोत सिंह सिद्धू अपनी पाकिस्तान यात्रा को लेकर विवादों में आ गए थे. वहां पर उनकी तस्वीर खालिस्तानी उग्रवादी और हाफिज सईद के करीबी गोपाल सिंह चावला के साथ सामने आई थी. इसके बाद मोदी सरकार की मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने उन्हें पाकिस्तानी एजेंज बताया था. इस यात्रा पर पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी सवाल उठाया था और उन्हें वहां जाने से मना किया था.

साथी 10 मंत्रियों ने मांगा इस्तीफा

बीते शुक्रवार को सिद्धू ने कहा था कि वह अपने कैप्टन राहुल गांधी के कहने पर पाकिस्तान गए. हालांकि, शनिवार को वह अपने बयान से पलट गए और उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तानी पीएम इमरान खान के बुलावे पर गए थे. सिद्धू के कैप्टन वाले बयान से नाराज उनके साथी 10 मंत्रियों ने उनसे इस्तीफे की मांग की है.