रामलाल रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में नेताओं को पार्टी के सदस्यता अभियान का देंगे मंत्र

भोपाल
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक हजार से अधिक भाजपा नेताओं को पार्टी के सदस्यता अभियान का मंत्र देंगे। इस बैठक में सदस्यता अभियान के साथ पार्टी पदाधिकारियों को आने वाले दिनों में पार्टी की कार्ययोजना के बारे में भी अवगत कराया जाएगा कि उन्हें जनता के बीच किस तरह के मुद्दों को लेकर रहना है और कैसे पार्टी के लिए काम करते रहना है।
पूर्व सीएम तथा भाजपा सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय संयोजक शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री समेत पार्टी के कोर ग्रुप, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, सांसद, संगठन मंत्री, जिला सदस्यता के प्रभारी, सह प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठ, विभाग एवं प्रकल्पों के प्रदेश संयोजक इस बैठक में शामिल रहेंगे। बैठक में सोशल मीडिया और आईटी के पदाधिकारी भी रहेंगे जो सभी को अभियान में सोशल मीडिया की उपयोगिता के बारे में जानकारी देंगे।