लोकसभा चुनाव से पहले आठ टन विस्फोटक बरामद, नक्सलियों को सप्लाई की आशंका

लोकसभा चुनाव से पहले आठ टन विस्फोटक बरामद, नक्सलियों को सप्लाई की आशंका

रायपुर 
छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव से पहले सुरक्षा बलों ने एक बड़ी साजिश को नाकाम बना दिया है. कवर्धा में आठ टन विस्फोटक बरामद किया गया है. विस्फोटक से भरे ट्रक को सुरक्षाबलों ने जब्त भी कर लिया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि ट्रक जंगल के रास्ते बेरला से प्रयागराज जा रहा था. आशंका जताई जा रही है कि नक्सलियों को सप्लाई करने के लिए विस्फोटक ले जाया जा रहा था.

कवर्धा के कुदकुर पुलिस थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है. जानकारी के अनुसार, ​लोकसभा चुनाव के तहत की जा रही चेकिंग के दौरान पुलिस ने विस्फोटक से भरे ट्रक को जब्त किया. ट्रक ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक विस्‍फोटकों को लेकर ठोस जानकारी हासिल नहीं हो सकी है. पुलिस विस्फोटक लाए जाने वाले स्थान पर जाकर जांच की तैयारी कर रही है.

बता दें कि कवर्धा में पिछले कुछ महीनों में नक्सली गतिविधियां बढ़ी हैं. नक्सली चुनाव के बहिष्कार को लेकर ग्रामीणों को लगातार धमकी दे रहे हैं. ऐसे में बड़े पैमाने पर विस्फोटक पकड़े जाने को नक्सलियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है.